डोमिनिकन गणराज्य में छुट्टियां मनाने गई भारतीय छात्रा लापता, चार दिन से कोई सुराग नहीं
डोमिनिकन गणराज्य // कैरिबियन द्वीप राष्ट्र डोमिनिकन गणराज्य में छुट्टी मनाने गई भारतीय मूल की छात्रा सुदीक्षा कोनांकी रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। 20 वर्षीय सुदीक्षा, जो पिट्सबर्ग विश्वविद्यालय की छात्रा थी, पुंटा काना के एक रिसॉर्ट में अपने दोस्तों के साथ छुट्टियां मना रही थी। आखिरी बार उसे चार दिन पहले समुद्र किनारे टहलते हुए देखा गया था, जिसके बाद से उसका कोई पता नहीं चल पाया है।
आखिरी बार कब और कहां दिखी थी सुदीक्षा ?
लाउडाउन काउंटी शेरिफ कार्यालय के अधिकारियों के अनुसार, सुदीक्षा 6 मार्च की सुबह करीब 4 बजे अपने दोस्तों और रिसॉर्ट में मिले कुछ अन्य लोगों के साथ समुद्र तट पर गई थी। कुछ समय बाद उसके दोस्त लौट आए, लेकिन सुदीक्षा वापस नहीं आई। जब वह लापता हुई, तब उसने भूरे रंग की बिकनी, बड़े गोल झुमके, दाहिने पैर में डिजाइनर पायल और हाथों में कंगन पहन रखा था।

तलाश में जुटे अधिकारी
स्थानीय प्रशासन और बचाव दल सुदीक्षा की तलाश में जुटे हैं। अधिकारियों ने हेलीकॉप्टर और अन्य उपकरणों की मदद से समुद्र, खाड़ी, झाड़ियों और आसपास के इलाकों में सघन खोज अभियान चलाया है, लेकिन अभी तक कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। डोमिनिकन गणराज्य में स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया पर बताया कि वे सुदीक्षा के माता-पिता के संपर्क में हैं और उसकी तलाश के लिए हरसंभव सहायता कर रहे हैं।
परिवार की चिंता, यूनिवर्सिटी भी कर रही सहयोग
सुदीक्षा के पिता सुब्बारायडू कोनांकी ने अपनी चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि उनकी बेटी के दोस्त सुरक्षित लौट आए, लेकिन सुदीक्षा नहीं लौटी। वहीं, पिट्सबर्ग यूनिवर्सिटी के प्रवक्ता जेरेड स्टोनसिफर ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन सुदीक्षा के परिवार और स्थानीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उसकी तलाश में मदद कर रहा है।
चार दिनों से लापता इस भारतीय छात्रा को लेकर हर कोई चिंतित है। स्थानीय प्रशासन और भारतीय दूतावास उसकी जल्द से जल्द वापसी की उम्मीद कर रहे हैं।
