तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी सवार नाबालिग को कुचला, मौके पर मौत; गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर पिटाई

कोरबा (शिखर दर्शन) // कोरबा-सक्ती मार्ग पर भैसमा बाजार चौक के मुख्य मार्ग पर सोमवार रात करीब 9 बजे दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से स्कूटी सवार 16 वर्षीय नाबालिग की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नशे में धुत ट्रक चालक को पकड़कर उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और चालक को भीड़ से बचाते हुए गिरफ्तार कर थाने ले गई।
दुकान के बाहर खड़ा था नाबालिग, अचानक हुआ हादसा
मृतक की पहचान बेंदरकोना निवासी परमेश्वर कंवर (16 वर्ष) के रूप में हुई है। वह अपने परिजनों के साथ भैसमा के एक कपड़ा दुकान में खरीदारी के लिए आया था। जब परिजन दुकान के अंदर कपड़े खरीद रहे थे, तभी परमेश्वर बाहर स्कूटी पर बैठकर मोबाइल चला रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी समेत वह दीवार से जा टकराया। हादसे में नाबालिग की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
ट्रक चालक नशे में धुत, भीड़ ने जमकर की पिटाई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रक चालक को जब स्थानीय लोगों ने पकड़ा तो वह नशे में धुत पाया गया। गुस्साए लोगों ने चालक की जमकर पिटाई कर दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद 112 की टीम मौके पर पहुंची और चालक को किसी तरह भीड़ से बचाकर थाने ले गई।
क्षेत्र में आक्रोश, यातायात सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और सड़क पर काफी देर तक हंगामा चलता रहा। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की रफ्तार बेलगाम होती जा रही है, जिससे सड़क हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। प्रशासन से मांग की जा रही है कि इस क्षेत्र में ट्रकों की गति नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाए जाएं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच जारी है।



