मध्यप्रदेश
महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान, कहा— “महाकाल ने मुझे बहुत कुछ दिया है”

उज्जैन (शिखर दर्शन) // विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में बुधवार तड़के केंद्रीय मंत्री और सांसद चिराग पासवान अपने परिवार संग भगवान महाकाल की भस्म आरती में शामिल हुए। नंदी हॉल में बैठकर उन्होंने महाकाल का आशीर्वाद लिया और शिव का जाप किया।
इस दौरान मंदिर के पुजारी महेश शर्मा ने उन्हें तिलक लगाकर पुष्प माला अर्पित की तथा विधि-विधान से पूजा संपन्न करवाई। मंदिर प्रबंध समिति की ओर से सहायक प्रशासनिक अधिकारी आर.पी. गहलोत और आशीष दुबे ने चिराग पासवान का सम्मान किया।

भस्म आरती के बाद चिराग पासवान ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए कहा, “महाकाल की भस्म आरती में शामिल होकर मैं खुद को सौभाग्यशाली मानता हूं। परिवार संग महाकाल का आशीर्वाद प्राप्त किया। महाकाल ने मुझे बहुत कुछ दिया है, जबकि एक समय ऐसा भी था जब मुझसे सब कुछ छिन गया था।”
महाकाल मंदिर में दर्शन करने के बाद चिराग पासवान ने मंदिर की परंपराओं की प्रशंसा की और भगवान शिव से देश की खुशहाली एवं समृद्धि की प्रार्थना की।
