अन्तर्राष्ट्रीय

अमेरिका में ट्रंप लागू कर सकते हैं 227 साल पुराना कानून, लाखों गैर-अमेरिकियों पर मंडराया निष्कासन का खतरा

वॉशिंगटन (शिखर दर्शन) // अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर प्रवासी नीति को लेकर सख्त रुख अपनाते नजर आ रहे हैं। अब खबर आ रही है कि ट्रंप 1798 में बने ‘एलियन एंड सेडिशन एक्ट’ (Alien and Sedition Acts) को फिर से लागू करने की योजना बना रहे हैं। यदि यह कानून लागू हुआ तो लाखों गैर-अमेरिकी नागरिकों को जबरन देश से निकाला जा सकता है।

गैर-अमेरिकी लोगों पर गिरेगी गाज?

सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, यह कानून अमेरिकी राष्ट्रपति को युद्धकाल के दौरान गैर-अमेरिकी मूल के लोगों को देश से बाहर करने की शक्ति देता है। हालांकि, ट्रंप इसे सामान्य परिस्थितियों में भी लागू करने का विचार कर रहे हैं। इससे अमेरिका में रह रहे लाखों प्रवासियों पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं।

क्या है ‘एलियन एंड सेडिशन एक्ट’?

यह कानून अमेरिका और किसी अन्य देश के बीच युद्ध की स्थिति में गैर-अमेरिकी नागरिकों को निष्कासित करने का अधिकार देता है। विशेष रूप से 14 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रवासियों को ‘एलियन एनिमी’ घोषित कर देश से बाहर निकाला जा सकता है।

अवैध प्रवासियों पर पहले से ही कड़ा रुख

राष्ट्रपति ट्रंप ने पहले ही अवैध प्रवासियों को बाहर निकालने की मुहिम तेज कर दी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, वेनेजुएला, भारत, ब्राजील और मैक्सिको जैसे कई देशों के हजारों प्रवासियों को सैन्य जहाजों से डिपोर्ट किया जा चुका है।

कानूनी चुनौती के संकेत

कानूनी विशेषज्ञों का कहना है कि जब अमेरिका पर कोई सीधा हमला नहीं हुआ है, तब इस कानून को लागू करना मुश्किल होगा। यदि ट्रंप इसे अमल में लाने की कोशिश करते हैं, तो यह अमेरिका में राजनीतिक और कानूनी बहस का विषय बन सकता है।

ट्रंप के इस कदम को लेकर अमेरिका में चर्चा जोरों पर है। अगर यह कानून लागू होता है तो दुनिया के कई देशों के नागरिकों पर अमेरिका से निष्कासन का खतरा बढ़ जाएगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!