Raipur Nagar Nigam Chunav 2025: रायपुर में BJP की बड़ी जीत, पूर्व महापौर एजाज ढेबर को हार, अमर गिदवानी विजयी

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ में नगर निगम चुनाव 2025 के नतीजे भारतीय जनता पार्टी (BJP) के लिए बड़ी सफलता लेकर आए हैं। राज्य के 10 नगर निगमों में भाजपा एकतरफा बढ़त बनाती नजर आ रही है। रायपुर, चिरमिरी, रायगढ़ और अंबिकापुर में बीजेपी ने परचम लहराया है। खासकर राजधानी रायपुर नगर निगम में भाजपा ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कांग्रेस को बड़ा झटका दिया है।
रायपुर नगर निगम के भगवती चरण शुक्ल वार्ड से बीजेपी प्रत्याशी अमर गिदवानी ने पूर्व महापौर एजाज ढेबर को करारी शिकस्त दी। अमर गिदवानी ने करीब 1500 से अधिक वोटों के अंतर से जीत दर्ज की, जिससे कांग्रेस को गहरा झटका लगा है। एजाज ढेबर, जो पिछली बार महापौर बने थे, इस बार अपनी सीट बचाने में नाकाम रहे।
हालांकि, एजाज ढेबर की पत्नी अर्जुमन ढेबर कांग्रेस की ओर से चुनावी मैदान में डटी हुई हैं। वे अपने वार्ड में करीब 2400 वोटों से बढ़त बनाए हुए हैं, जिससे कांग्रेस को कुछ राहत मिलती दिख रही है।
छत्तीसगढ़ में बीजेपी का दबदबा
चुनाव के नतीजों पर नजर डालें तो छत्तीसगढ़ में भाजपा ने कई नगर निगमों में शानदार प्रदर्शन किया है। रायगढ़, चिरमिरी और अंबिकापुर में भाजपा ने निर्णायक जीत दर्ज की है। वहीं, रायपुर नगर निगम में भी भाजपा ने दमदार जीत हासिल की है, जिससे कांग्रेस को करारा झटका लगा है।