दिल्ली

दिल्ली चुनाव: मतदान के बीच पीएम मोदी और अमित शाह की खास अपील, जानें सुरक्षा व्यवस्था और बड़े राजनीतिक बयान

नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सुबह 7 बजे से जारी है। राष्ट्रीय राजधानी की सभी 70 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में वोटिंग हो रही है। इस चुनाव में 1.56 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं, जबकि 699 उम्मीदवारों की किस्मत ईवीएम में कैद होगी। चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्लीवासियों से खास अपील की है।

पीएम मोदी और अमित शाह की जनता से अपील

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मतदाताओं से अपील करते हुए लिखा,
“दिल्ली विधानसभा चुनाव में आज सभी सीटों पर मतदान हो रहा है। लोकतंत्र के इस महापर्व में पूरे जोश के साथ भाग लें और अपने कीमती वोट का उपयोग करें। विशेष रूप से पहली बार मतदान करने वाले युवा मतदाताओं को मेरी शुभकामनाएं। याद रखें—पहले मतदान, फिर जलपान!”

गृह मंत्री अमित शाह ने भी दिल्ली की जनता से बढ़-चढ़कर मतदान करने की अपील करते हुए कहा,
“दिल्ली की जनता झूठे वादों, प्रदूषित यमुना, शराब के ठेकों, टूटी सड़कों और गंदे पानी के खिलाफ वोट करे। ऐसी सरकार चुनें, जिसके पास जनकल्याण का मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड हो और जो दिल्ली को दुनिया की सबसे विकसित राजधानी बना सके। पहले मतदान करें, फिर जलपान करें।”

चुनाव के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था

चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 13,766 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 220 कंपनियों के अर्धसैनिक बल, 35,626 दिल्ली पुलिस के जवान और 19,000 होमगार्ड तैनात किए गए हैं। लगभग 3,000 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है, जहां विशेष निगरानी रखी जा रही है। इसके अलावा, पुलिस ड्रोन कैमरों से भी नजर रख रही है।

अन्य नेताओं की भी अपील

दिल्ली चुनाव के बीच उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी दिल्लीवासियों से भारी संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया। उन्होंने कहा,
“दिल्ली के मतदाता अपने वोट के जरिए भ्रष्ट तंत्र को समाप्त करने में अपनी अहम भूमिका निभाएं।”

कांग्रेस उम्मीदवार संदीप दीक्षित ने भी मतदाताओं से अपील करते हुए कहा,
“हर चुनाव महत्वपूर्ण होता है, इसलिए सभी लोग मतदान करें और लोकतंत्र को मजबूत बनाएं।”

कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान जारी

दिल्ली में मतदान शांतिपूर्ण माहौल में जारी है, और शाम तक मतदाताओं की भारी संख्या में मतदान केंद्रों पर पहुंचने की उम्मीद है। सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समर्थकों को मतदान केंद्रों तक पहुंचाने में सक्रिय हैं।

👉 अपना कीमती वोट डालें, लोकतंत्र के इस पर्व का हिस्सा बनें !

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!