CRPF जवान द्वारा पत्नी की हत्या और खुदकुशी: रात 1 बजे हुआ था यह विवाद, पुलिस जांच में हुआ बड़ा खुलासा

भोपाल (शिखर दर्शन) // राजधानी भोपाल में सीआरपीएफ जवान रविकांत वर्मा द्वारा पत्नी की हत्या के बाद आत्महत्या करने की घटना सामने आई है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि यह विवाद पत्नी की भतीजी की शादी को लेकर हुआ था। दोनों के बीच पैसे को लेकर तीव्र बहस हुई, जिसके बाद जवान ने पत्नी को गोली मार दी और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस घटना से पहले दोनों ने अपने बच्चों को घर के एक कमरे में बंद कर दिया था। सीआरपीएफ जवान अपनी पत्नी से मायके में ज्यादा बात करने को लेकर भी परेशान था। पुलिस को मृतक के घर से इंसास रायफल मैगजीन, 11 जिंदा कारतूस, और बंदूक के खोके मिले हैं। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
लड़की के परिजनों ने दहेज़ प्रताड़ना का आरोप लगाया
लड़की के परिवारवालों ने सीआरपीएफ जवान पर उनकी बेटी को दहेज़ के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। बताया गया कि इस आरोप के चलते ग्वालियर में दहेज़ प्रताड़ना का मामला भी दर्ज किया गया था, लेकिन पंचायत की बैठक में यह तय किया गया था कि अब वह दहेज़ के लिए पत्नी को परेशान नहीं करेगा।
घटनास्थल का विवरण और घटनाक्रम
यह घटना देर रात बंगरसिया कैपिटल ग्रीन कॉलोनी में हुई, जहां सीआरपीएफ जवान रविकांत वर्मा ने पत्नी को गोली मारी और फिर खुद को भी गोली मार ली। मकान मालकिन प्रीति मिश्रा के अनुसार, गोलियों की आवाज़ रात 1:20 बजे आई थी। जब उन्होंने रविकांत को कॉल किया, तो उसने बताया कि उसने अपनी पत्नी को मार दिया है और फिर खुद को गोली मार ली। तीन फायर में कुल 9 गोलियां चलीं, जिसमें पत्नी रेणु वर्मा को तीन गोलियां लगीं।
रविकांत वर्मा का परिवार ग्वालियर का रहने वाला था, और वे किराए के मकान में रहते थे। उनका नया घर पास में ही बन रहा था, जहां कुछ महीनों में वे शिफ्ट होने वाले थे। 20 जनवरी को रविकांत अपनी ड्यूटी पर गया था और इस घटना से पहले रात में अपनी रायफल लेकर आया था।
पुलिस अब इस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और जो तथ्य सामने आ रहे हैं, उनसे यह घटना एक गहरी पारिवारिक त्रासदी का रूप ले चुकी है।
