युवक की संदिग्ध मौत: पुलिस ने अंतिम संस्कार रोका, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा, परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप

रायपुर (शिखर दर्शन) // राजधानी के दोंदेकला गांव में एक युवक की संदिग्ध मौत के बाद पुलिस ने उसके अंतिम संस्कार को रुकवा दिया और शव को जब्त कर लिया। मृतक का नाम क्षत्रपाल वर्मा है, जिसकी मौत बेस्ट ऑर्थोपैडिक अस्पताल में हुई थी। मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम न कराने का पत्र देकर शव को घर ले जाने की अनुमति ली थी और अंतिम संस्कार की तैयारी कर रहे थे।
इस दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और शव को चिता से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए मर्चुरी भेज दिया। परिजनों ने अस्पताल पर गलत इलाज का आरोप लगाया है, जबकि अस्पताल प्रशासन ने घटना की जानकारी पुलिस को दी है।
तेलीबांधा थाना पुलिस ने विधानसभा थाना पुलिस के सहयोग से शव को जब्त किया और मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी शिवेंद्र सिंह राजपूत ने बताया कि युवक की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई है, इसलिए शव को परीक्षण के लिए लाया गया है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
