कार से बाघिन को दौड़ाने का वीडियो वायरल, नजदीक से शूट करने की होड़, कलेक्टर ने प्रभावित क्षेत्र के स्कूल-आंगनबाड़ी में की छुट्टी घोषित

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (शिखर दर्शन) // मरवाही वनमंडल के गौरेला रेंज में पिछले छह दिनों से एक बाघिन के विचरण से इलाके में दहशत का माहौल है। इस दौरान बाघिन की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता जताई जा रही है, क्योंकि बाघिन को कैमरे में कैद करने के लिए लोग किसी भी हद तक जाने को तैयार हैं। स्थिति को देखते हुए कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने प्रभावित क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ियों में छुट्टी घोषित कर दी है।
कार से पीछा करते दिखे लोग, बाघिन ने बाउंड्रीवॉल पर चढ़कर बचाई जान
हाल ही में वायरल हुए एक वीडियो में कुछ लोग कार से बाघिन का पीछा करते नजर आ रहे हैं। बाघिन कार से बचने के लिए भागते हुए एक आश्रम की बाउंड्रीवॉल पर चढ़कर अपनी जान बचाती है। गौरेला-अमरकंटक मार्ग के ज्वालेश्वर मंदिर के आसपास बाघिन बीते छह दिनों से विचरण कर रही है। इससे पहले भी एक वायरल वीडियो में बाघिन को गाय का शिकार करते हुए देखा गया था।

बच्चों की सुरक्षा के लिए कलेक्टर ने लिया बड़ा फैसला
बाघिन की उपस्थिति और इलाके में बढ़ते खतरे को देखते हुए कलेक्टर लीना कमलेश मंडावी ने बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर प्रभावित क्षेत्र के स्कूलों और आंगनबाड़ियों में छुट्टी की घोषणा की है।
वन विभाग पर उठे सवाल, वन प्रेमियों में बढ़ी चिंता
बाघिन की सुरक्षा और लोगों की गैरजिम्मेदाराना हरकतों को लेकर वन प्रेमियों ने गहरी चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि वन विभाग ने अभी तक बाघिन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए हैं। क्षेत्र में भीड़ जुटने से बाघिन के स्वाभाविक व्यवहार पर भी असर पड़ सकता है, जिससे मानव-पशु संघर्ष की आशंका बढ़ गई है।
वन विभाग और प्रशासन से अपील की जा रही है कि बाघिन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाए जाएं और लोगों को जंगल में प्रवेश करने से रोका जाए।



