बिलासपुर संभाग

रायगढ़ में अतिरिक्त न्यायालय और आवासीय भवन का उद्घाटन: चीफ जस्टिस रमेश सिन्हा बोले- सर्व सुविधायुक्त न्यायालय और कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन हमारी प्राथमिकता

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने रायगढ़ में उद्घाटन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में लिया भाग

रायगढ़ (शिखर दर्शन) // आज छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने रायगढ़ जिले के रामपुर में न्यायिक अधिकारियों के लिए आवासीय कालोनी और घरघोड़ा में अतिरिक्त न्यायालय भवन तथा कर्मचारियों के लिए आवासीय भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही, रायगढ़ जिला न्यायालय परिसर में न्याय सदन के नवीन भवन का वर्चुअल शिलान्यास भी किया गया।

मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा ने बिलासपुर से वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य के हर जिले में गुणवत्तायुक्त और सर्वसुविधायुक्त न्यायालय और आवासीय भवनों का निर्माण कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि इस दिशा में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं और आज रायगढ़ में उद्घाटन और शिलान्यास इसके महत्वपूर्ण उदाहरण हैं। इस पहल से जिला न्यायपालिका को बेहतरीन अधोसंरचना और सुविधाएं मिलेंगी, जिससे न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ताओं की कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।

मुख्य न्यायाधीश ने नवनिर्मित आवासीय भवनों और अतिरिक्त कोर्ट रूम का वर्चुअल निरीक्षण भी किया। इस कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के न्यायाधीश और पोर्टफोलियो न्यायाधीश जिला रायगढ़, न्यायमूर्ति संजय के. अग्रवाल की गरिमामयी उपस्थिति भी रही।

कार्यक्रम में प्रधान जिला न्यायाधीश रायगढ़ ने मुख्य न्यायाधीश के नेतृत्व और मार्गदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य में न्यायालयीन अधोसंरचना, न्यायालय भवन, कर्मचारी अधिकारी आवास, न्यायालयीन परिसर में पोस्ट ऑफिस और डिस्पेंसरी की स्थापना के क्षेत्र में महत्वपूर्ण सुधार हुआ है। कार्यक्रम में रजिस्ट्रार जनरल के. विनोद कुजूर सहित अन्य न्यायिक और प्रशासनिक अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!