मध्यप्रदेश

कोचिंग संचालक की शर्मनाक हरकत: नाबालिग छात्रा से बोला- “तुम मुझे पसंद हो, मेरे साथ होटल चलो”, पॉक्सो में गिरफ्तार

देवास ( शिखर दर्शन ) // मध्यप्रदेश के देवास जिले में शिक्षा के मंदिर को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। बीएनपी थाना क्षेत्र स्थित एक निजी कोचिंग संस्थान के संचालक पर नाबालिग छात्रा से अश्लील बातें करने, छेड़छाड़ करने और होटल चलने का दबाव बनाने का आरोप लगा है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

कोचिंग के बाहर बुलाकर की अशोभनीय बातें

जानकारी के अनुसार, मधुबन कॉलोनी में संचालित एक कोचिंग संस्थान का संचालक विपिन शर्मा 19 जून को अपनी नाबालिग छात्रा को क्लास से बाहर अकेले बुलाकर उससे अश्लील बातें करने लगा। आरोपी ने छात्रा से कहा कि वह पहली मुलाकात से ही उसे पसंद करता है और उसके साथ प्रेम संबंध बनाकर उसकी इच्छाओं को पूरा करे। उसने छात्रा को अपने लिए “परफेक्ट” बताते हुए निजी संबंध बनाने का दबाव बनाया।

होटल चलने का बनाया दबाव, हाथ भी पकड़ा

आरोप है कि आरोपी ने छात्रा से कहा कि वह उसके लिए दो घंटे का समय निकाले और उसके साथ होटल चले। उसने यह भी कहा कि आने-जाने की व्यवस्था और होटल का पूरा खर्च वह स्वयं उठाएगा तथा इस बात को दोनों के बीच गोपनीय रखने की हिदायत दी। छात्रा के विरोध करने पर आरोपी ने उसका हाथ पकड़ लिया। भयभीत छात्रा किसी तरह वहां से निकलकर वापस क्लास में चली गई।

डर के कारण छोड़ी कोचिंग, फिर मां को बताई पूरी घटना

घटना के बाद छात्रा ने भय के चलते कोचिंग जाना बंद कर दिया। जब कई दिनों तक वह ट्यूशन नहीं गई तो उसकी मां ने कारण पूछा। तब छात्रा ने पूरी घटना बताई। इसके बाद परिजन छात्रा को लेकर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

हस्तक्षेप के बाद पॉक्सो एक्ट में दर्ज हुआ मामला

परिजनों का आरोप है कि प्रारंभ में पुलिस पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज नहीं कर रही थी। सूचना मिलने पर करनी सेना के कार्यकारी अध्यक्ष विशाल उर्फ चिंटू रघुवंशी थाने पहुंचे और हस्तक्षेप किया। उन्होंने विरोध की चेतावनी दी, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ते हुए आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।

पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार

थाना प्रभारी प्रीति कटारे ने बताया कि छात्रा की शिकायत के आधार पर आरोपी विपिन शर्मा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और छेड़छाड़ से संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज की गई है। त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

प्रमुख बिंदु

  • छात्रा से अकेले में अश्लील बातें करने का आरोप।
  • होटल चलने का प्रस्ताव देकर निजी संबंध बनाने का दबाव।
  • विरोध करने पर छात्रा का हाथ पकड़ने की शिकायत।
  • परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज किया।
  • आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!