रायपुर संभाग

दो पत्नियों को साथ रखने की जिद, फिर हाईटेंशन टावर पर चढ़ा युवक

पहले भी कर चुका है ऐसा प्रदर्शन, पुलिस ने घंटों की मशक्कत के बाद सुरक्षित उतारा

धमतरी ( शिखर दर्शन ) // जिले के भखारा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भेंड़रा में एक युवक ने एक बार फिर हाई वोल्टेज ड्रामा कर लोगों को दहशत में डाल दिया। दो पत्नियों को एक साथ रखने की जिद को लेकर युवक करीब 50 फीट ऊंचे हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गया और घंटों वहीं बैठा रहा। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई, जबकि पुलिस ने पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

जानकारी के अनुसार टावर पर चढ़ने वाले युवक की पहचान ग्राम भेंड़रा निवासी यादराम साहू के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि यह पहली बार नहीं है। इससे पहले भी वह अपनी दोनों पत्नियों को एक साथ रखने की मांग को लेकर इसी हाईटेंशन टावर पर चढ़ चुका है।

युवक के दोबारा टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर भखारा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास शुरू किया।

काफी देर तक समझाइश और बातचीत के बाद पुलिस युवक को सुरक्षित नीचे उतारने में सफल रही। घटना के दौरान किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। पुलिस ने युवक को अपने साथ थाने ले जाकर पूछताछ की तथा आगे की आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी।

ग्रामीणों का कहना है कि युवक पहले भी इसी तरह का कदम उठा चुका है। बार-बार इस तरह की घटनाओं से गांव में दहशत और असमंजस की स्थिति बन जाती है। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और ऐसी स्थिति में तत्काल प्रशासन को सूचना देने की अपील की है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!