मानसून की रफ्तार पड़ी धीमी, अगले 5 दिनों तक आंधी-बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

जून में सामान्य से काफी कम बारिश, कई जिलों में गर्मी और उमस बरकरार
रायपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है। प्रदेश में मानसून की सक्रियता बढ़ने के बजाय कई क्षेत्रों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। साथ ही कुछ क्षेत्रों में आकाशीय बिजली गिरने को लेकर भी चेतावनी जारी की गई है।
21 दिनों में केवल 32.3 मिमी बारिश
जून माह के 21 दिन बीत जाने के बावजूद प्रदेश में बारिश का आंकड़ा सामान्य से काफी कम बना हुआ है। मौसम विभाग के अनुसार अब तक राज्य में मात्र 32.3 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई है और किसी भी जिले में सामान्य वर्षा का लक्ष्य पूरा नहीं हो पाया है।
पिछले वर्ष 21 जून तक मानसून पूरे छत्तीसगढ़ में पहुंच चुका था, जबकि इस बार मानसून की प्रगति काफी धीमी है और अभी तक बस्तर संभाग के कई क्षेत्रों में भी इसकी पूर्ण सक्रियता नहीं देखी गई है।
23 जून के बाद मानसून के आगे बढ़ने के संकेत
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 23 जून के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून के राज्य के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। हालांकि अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में अभी तक कोई मजबूत मौसम प्रणाली विकसित नहीं हुई है, जिससे मानसून की गति प्रभावित हो रही है।
मध्य क्षेत्रों में बढ़ सकती है गर्मी
मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक प्रदेश के मध्य भागों में अधिकतम तापमान सामान्य से 3 से 5 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना जताई है। कुछ स्थानों पर हीट वेव जैसी स्थिति भी बन सकती है।
बिलासपुर रहा सबसे गर्म
रविवार को प्रदेश में सबसे अधिक तापमान बिलासपुर में 41.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 22.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
राजधानी रायपुर में आज ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को राजधानी रायपुर में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
रायपुर का संभावित तापमान
- अधिकतम तापमान : 40 डिग्री सेल्सियस
- न्यूनतम तापमान : 29 डिग्री सेल्सियस
इन जिलों में यलो अलर्ट जारी
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
अलर्ट वाले जिले
- सुकमा
- बीजापुर
- दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा
- बस्तर
- नारायणपुर
- कोंडागांव
- धमतरी
- गरियाबंद
संभावित मौसम गतिविधियां
- तेज हवाएं चल सकती हैं
- गरज-चमक के साथ बारिश
- आकाशीय बिजली गिरने की आशंका
- कुछ क्षेत्रों में अचानक मौसम परिवर्तन
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा आवश्यक सावधानी बरतने की अपील की है।



