मध्यप्रदेश

MP Morning News: CM मोहन आज पांढुर्णा-मंडला दौरे पर, TET के खिलाफ शिक्षकों का धरना जारी; असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा भी आज

मध्यप्रदेश में रविवार का दिन कई अहम गतिविधियों से जुड़ा रहेगा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पांढुर्णा और मंडला के दौरे पर रहेंगे। वहीं टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना जारी है। दूसरी ओर मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग की असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा आज इंदौर में आयोजित होगी। इसके अलावा रिटायर्ड आईएएस की हत्या के मामले में फरार आरोपी की तलाश तेज कर दी गई है।

भोपाल ( शिखर दर्शन ) //

CM मोहन यादव का पांढुर्णा और मंडला दौरा

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को पांढुर्णा और मंडला जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे कई स्थानीय कार्यक्रमों में शामिल होंगे। पांढुर्णा में मुख्यमंत्री ‘सेवा सेतु अभियान’ और जिला विकास समिति की बैठक में शामिल होंगे। इसके बाद मंडला में तेंदूपत्ता बोनस वितरण और सेवा सेतु अभियान कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।

मुख्यमंत्री का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

  • सुबह 9:20 बजे — स्टेट हैंगर भोपाल से हेलीकॉप्टर द्वारा पांढुर्णा के पारडी रोड के लिए रवाना।
  • सुबह 10:30 बजे — पांढुर्णा में वीसी, ‘सेवा मेरा योगदान’, सेवा सेतु अभियान और जिला विकास समिति की बैठक।
  • दोपहर 1:30 बजे — पांढुर्णा से मंडला के लिए रवाना।
  • दोपहर 2:30 बजे — मंडला में तेंदूपत्ता बोनस वितरण और सेवा सेतु अभियान कार्यक्रम।
  • शाम 6:10 बजे — भोपाल के रवींद्र भवन में ‘बुंदेली समागम’ का शुभारंभ।

TET के विरोध में शिक्षकों का धरना सातवें दिन भी जारी

टीईटी की अनिवार्यता के विरोध में शिक्षकों का अनिश्चितकालीन धरना भोपाल के नीलम पार्क में रविवार को सातवें दिन भी जारी रहेगा। अलग-अलग संभागों के शिक्षक चरणबद्ध तरीके से आंदोलन में शामिल हो रहे हैं। आज सागर और जबलपुर संभाग के शिक्षक प्रदर्शन में शामिल होंगे।

अब तक जबलपुर, ग्वालियर-चंबल, रीवा-शहडोल और उज्जैन संभाग के शिक्षक धरने में शामिल हो चुके हैं। अध्यापक शिक्षक संयुक्त मोर्चा तीन प्रमुख मांगों को लेकर बेमियादी आंदोलन कर रहा है।

शिक्षकों की तीन प्रमुख मांगें

टीईटी से मुक्ति: लंबे समय से कार्यरत शिक्षकों को टीईटी की अनिवार्यता से मुक्त करने की मांग की जा रही है। इसके लिए विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर प्रस्ताव पारित कर केंद्र सरकार को भेजने की मांग है।

सेवा गणना: शिक्षकों की सेवा अवधि प्रथम नियुक्ति की तारीख से गिने जाने और उसी आधार पर वरिष्ठता निर्धारित करने की मांग है।

ई-अटेंडेंस: शिक्षकों के विभागीय और अन्य शासकीय दायित्वों को देखते हुए ई-अटेंडेंस व्यवस्था को स्वैच्छिक किए जाने की मांग की जा रही है।

रिटायर्ड IAS हत्या मामले में फरार आरोपी पर 50 हजार का इनाम

रिटायर्ड आईएएस अधिकारी की हत्या के मामले में फरार आरोपी वरुण कुमार पर पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में मोबाइल लोकेशन और डिजिटल फिंगरप्रिंट समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद ले रही है।

आरोपी की तलाश के लिए पांच राज्यों में पुलिस की 12 टीमें लगाई गई हैं। पुलिस की टीमें केयरटेकर वरुण कुमार की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

इंदौर में आज MPPSC असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा

मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की असिस्टेंट प्रोफेसर परीक्षा रविवार को इंदौर में आयोजित की जाएगी। परीक्षा के लिए शहर में कुल 30 केंद्र बनाए गए हैं। करीब 12 हजार अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना है।

परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से 11 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को लेकर संबंधित विभाग की ओर से आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!