राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का छत्तीसगढ़ दौरा: कड़ी सुरक्षा व्यवस्था, कई मार्गों पर ट्रैफिक प्रतिबंध
रायपुर (शिखर दर्शन) // राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ के दौरे पर हैं, जिसके मद्देनजर राजधानी रायपुर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। उनकी सुरक्षा में कुल 900 पुलिस जवानों को तैनात किया गया है। राष्ट्रपति के काफिले की आवाजाही के दौरान सुबह 10:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
इन मार्गों पर यातायात रहेगा प्रभावित
राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान को देखते हुए सेरीखेड़ी बायपास, मंदिरहसौद-आरंग, बलौदाबाजार रोड, मोवा और आमासिवनी के आसपास के मार्गों पर ट्रैफिक रोका जाएगा। इसके अलावा, नवा रायपुर स्टेडियम रोड और विधानसभा बायपास रोड पर बैरिकेडिंग कर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा। राष्ट्रपति का काफिला 20.5 किमी की दूरी मात्र 25 मिनट में तय करेगा। सुरक्षा व्यवस्था की कमान रायपुर रेंज के IG सहित वरिष्ठ IPS और IAS अधिकारियों के हाथों में रहेगी।
राष्ट्रपति का मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम
🔹 सुबह 10:35 बजे: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का माना विमानतल पर आगमन।
🔹 सुबह 10:45 बजे: माना विमानतल से छत्तीसगढ़ विधानसभा भवन के लिए रवाना।
🔹 सुबह 11:05 बजे: विधानसभा भवन में राष्ट्रपति का भव्य स्वागत।
🔹 सुबह 11:15 से दोपहर 12:00 बजे तक: वृक्षारोपण, विधायकों के साथ ग्रुप फोटो और विधायकों को संबोधन।
🔹 कार्यक्रम समाप्ति के बाद: राष्ट्रपति विधानसभा से माना विमानतल के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति मुर्मू के इस दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है, और यातायात प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस की तैनाती सुनिश्चित की गई है। आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की गई है।
