जंगल माफिया आगे और पुलिस पीछे: फिल्मी अंदाज़ में ट्रैक्टर पकड़ा गया, सागौन की लकड़ी के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार

विदिशा ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश। बुधवार को नेशनल हाईवे 752 बी पर एक अनोखा दृश्य देखने को मिला। आगे-आगे ट्रैक्टर और पीछे-पीछे पुलिस का काफिला, जिससे हर कोई हैरान रह गया। यह कोई फिल्म की शूटिंग नहीं थी, बल्कि वास्तविक जीवन की घटना थी। दरअसल, बुधवार सुबह वन विभाग के अधिकारियों का सामना जंगल माफिया से हो गया, जो वन अपराध में लिप्त थे।
सुबह तड़के पांच बजे, सूचना के आधार पर वन विभाग की टीम विदिशा के कोलुआ पठार के जंगल में पहुंची। वहां उन्होंने देखा कि ट्रैक्टर द्वारा जंगल की जमीन को खेती के लिए तैयार किया जा रहा था। वन अधिकारियों ने ट्रैक्टर को रोककर पूछताछ शुरू की। इसी दौरान एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से वहां आया और अधिकारियों से विवाद करने लगा। इसी बीच, ट्रैक्टर चालक ने ट्रैक्टर चालू किया और मौके से फरार हो गया।
वन विभाग ने इस घटना की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को दी। तत्काल, लटेरी सिरोंज रास्ते पर सशस्त्र बल के साथ पुलिस दल तैयार कर रवाना किया गया। पुलिस ने गंभीर स्थिति को देखते हुए थाना मुरवास को सूचित किया और बैरिकेडिंग भी की। इस दौरान, ट्रैक्टर चालक ने हाईवे से रास्ता बदलकर पगरानी रोड पर भागने की कोशिश की, लेकिन वन अमले ने उसे गिरफ्तार कर लिया। वन विभाग ने ट्रैक्टर को जब्त कर लिया और वन अपराध के तहत मामला दर्ज किया गया है।