नई सुविधा: ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीयन प्रमाण पत्र अब आपके जिले में ही उपलब्ध होंगे

रायपुर// ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की विशेष पहल के अंतर्गत परिवहन विभाग ने आम नागरिकों के लिए एक नई सुविधा की शुरुआत की है। अब ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीयन प्रमाण पत्र, अगर आवेदक द्वारा दिए गए पते पर नहीं पहुंचते हैं, तो उन्हें उनके जिले के क्षेत्रीय, अतिरिक्त क्षेत्रीय और जिला परिवहन कार्यालयों के माध्यम से वितरित किया जाएगा। यह सुविधा एक जुलाई से लागू की जा रही है।
मुख्यमंत्री साय को जानकारी मिली थी कि कई ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीयन प्रमाण पत्र, जो परिवहन विभाग द्वारा डाक के माध्यम से भेजे जाते हैं, सही पते की कमी के कारण नया रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में वापस आ जाते थे। इस वजह से आवेदकों को अपने लाइसेंस और प्रमाण पत्र प्राप्त करने के लिए नया रायपुर आना पड़ता था। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने परिवहन विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि यदि कोई ड्राइविंग लाइसेंस या पंजीयन प्रमाण पत्र पते के कारण वापस आता है, तो उसे संबंधित जिले के क्षेत्रीय या अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय से ही वितरित किया जाए।

परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि अस्पष्ट या अपूर्ण पते के कारण वापस लौटने वाले ड्राइविंग लाइसेंस और पंजीयन प्रमाण पत्र के लिए अब नया रायपुर आने की आवश्यकता नहीं होगी। आवेदक अपने जिले के संबंधित कार्यालय में जाकर वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर अपने ड्राइविंग लाइसेंस या पंजीयन प्रमाण पत्र प्राप्त कर सकेंगे। इस संबंध में सभी अधीनस्थ कार्यालयों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
