प्रदेश में 1 से 3 जुलाई तक कार्डधारियों को नहीं मिलेगा राशन , इस कारण राशन दुकानें रहेंगी बंद

रायपुर // ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ में जुलाई के पहले सप्ताह में 3 दिन तक कार्डधारियों को उचित मूल्य की राशन दुकानों में खाद्यान्न नहीं मिलेगा। तीन दिनों तक विभागीय डाटाबेस को नए क्लाउड सर्वर पर स्थानांतरित करने के कारण, प्रदेशभर की राशन दुकानें भी बंद रखी जाएंगी। इस संबंध में खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उप. संरक्षण विभाग के अपर सचिव ने 28 जून को आदेश जारी किया है।

इस आदेश के तहत प्रदेश के सभी कलेक्टरों को विभागीय डाटाबेस को नए क्लाउड सर्वर पर स्थानांतरित करने की जानकारी दी गई है। वर्तमान में सभी विभागीय ऑनलाइन कार्यवाही राज्य डाटा सेंटर में स्थित विभागीय सर्वर के माध्यम से हो रही है। एसडीसी सर्वर में आ रही समस्याओं के निराकरण के लिए नए क्लाउड सर्वर एनआईसी माध्यम से किराए पर लिया गया है, जिसमें विभागीय डाटाबेस को स्थानांतरित किया जाएगा। इसके कारण एसडीसी स्थित विभागीय सर्वर तीन दिन तक बाधित रहेगा।
