नौकरी के नाम पर ठगी करने वाला नटवरलाल बृजेश गुप्ता 6 साल बाद गिरफ्तार

कोटा/बिलासपुर //( शिखर दर्शन ) नौकरी के नाम पर पैसे ऐंठने वाला नटवरलाल बृजेश गुप्ता आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। लगभग 6 साल पहले गणराज सूर्यवंशी नामक व्यक्ति ने कोटा थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि सीपत निवासी प्रेम खरे और बृजेश गुप्ता ने उसे पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के बहाने 3 लाख रुपये ठगे थे। यह रकम 16 मई 2018 को ली गई थी। इसके बावजूद न तो नौकरी मिली और न ही जॉइनिंग लेटर दिया गया। कई बार पैसे मांगने के बावजूद भी उन्हें केवल बहाने ही मिले।
गणराज सूर्यवंशी ने 21 जनवरी 2021 को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने 13 फरवरी 2021 को आरोपी प्रेम खरे को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। लेकिन मुख्य आरोपी बृजेश गुप्ता तब से फरार था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी और आखिरकार 6 साल बाद बृजेश गुप्ता को धोखाधड़ी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
गणराज सूर्यवंशी की शिकायत के अनुसार, बृजेश गुप्ता और प्रेम खरे ने पुलिस विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर उससे पैसे लिए थे। जब गणराज ने पैसे वापस मांगे तो दोनों आरोपी टालमटोल करते रहे। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पहले प्रेम खरे को गिरफ्तार किया था, लेकिन बृजेश गुप्ता फरार हो गया था। बृजेश गुप्ता की गिरफ्तारी से पुलिस ने एक बड़ा कदम उठाया है, जिससे नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह पर लगाम कसने में मदद मिलेगी।
मामले की तफ्तीश अभी जारी है और पुलिस यह सुनिश्चित करने में लगी हुई है कि इस मामले में और भी कोई आरोपी शामिल तो नहीं है।



