“तेलीबांधा तालाब में ऑक्सीजन की कमी से मछलियों की मौत, दक्षिण बस्तर तक पहुंचा मानसून, राजधानी में आज का हाल”

दक्षिण बस्तर में मानसून, राजधानी में गर्मी से राहत नहीं
राजधानी में लोग भीषण गर्मी से परेशान हैं। धूप से बचने के लिए कोई छतरी लेकर बाहर निकला तो अधिकतर ने सिर और चेहरे को कपड़ों से ढक रखा था। सुबह और शाम को बादल छाए रहते हैं, लेकिन दोपहर में सूरज की तपिश से लोग झुलस जाते हैं। सक्रिय मानसून के आने में अभी कुछ और दिन लग सकते हैं। मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को दक्षिण-पश्चिम मानसून की उत्तरी सीमा नवसारी, जलगांव, अमरावती, चंद्रपुर, बीजापुर, सुकमा, मलखानगिरी, विजयनगरम और इस्लामपुर तक थी। अगले चार-पांच दिनों में प्रदेश के अन्य हिस्सों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। पश्चिमी बिहार से मेघालय तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित एक पूर्व-पश्चिम द्रोणिका है, जिसके कारण रविवार को प्रदेश में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ अंधड़ और वज्रपात की संभावना है।
राजधानी में आज
योग महोत्सव
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित योग महोत्सव, विधानसभा रोड स्थित शांति सरोवर में सुबह 7 बजे से प्रारंभ होगा।
महापंचायत
कुनबी समाज महासंगठन द्वारा महापंचायत का आयोजन वृंदावन हॉल, सिविल लाइन में किया जाएगा, जो पूर्वान्ह 11 बजे से लेकर शाम 4 बजे तक चलेगा।
रक्तदान शिविर
विश्व स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर सामाजिक संस्था प्रमा फाउंडेशन द्वारा गोयल टीएमटी के सहयोग से रक्तदान शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर अम्बेडकर हॉस्पिटल के मॉडल ब्लड बैंक में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगा।
समर कैंप का समापन
सिंधी काउंसिल ऑफ इंडिया छत्तीसगढ़ रोजन एवं यूनियन क्लब द्वारा आयोजित मेगा समर कैंप का समापन समारोह मोतीबाग चौक के समीप स्थित यूनियन क्लब में प्रातः 8 बजे से आयोजित किया जाएगा।
