बस स्टैंड पर पुलिसकर्मियों की बदसलूकी और मारपीट, एसएसपी ने दो आरक्षकों को किया निलंबित

रायपुर // ( शिखर दर्शन ) // रायपुर एसएसपी संतोष कुमार सिंह ने दो पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। इन दोनों आरक्षकों को ड्यूटी के दौरान सार्वजनिक स्थल पर गाली-गलौज और मारपीट करने के आरोप में सस्पेंड किया गया है। निलंबित पुलिसकर्मियों के नाम चंद्रभान भदौरिया और सुरजीत सिंह सेंगर हैं। दोनों कांस्टेबल टिकरापारा थाने में तैनात थे। एसएसपी ने उन्हें लाइन अटैच कर विभागीय जांच के आदेश भी जारी कर दिए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, कुछ दिनों पहले बस स्टैंड पर ड्यूटी के दौरान, दो आरक्षकों का एक प्रमुख ट्रैवल एजेंसी के बस ड्राइवर के साथ विवाद हो गया था। इस विवाद में मारपीट और गाली-गलौज के आरोप लगाए गए, जिसकी शिकायत एसएसपी से की गई थी। शिकायत के आधार पर मामले की जांच के आदेश दिए गए थे। जांच नगर पुलिस अधीक्षक, पुरानी बस्ती द्वारा की गई, जिसमें आरोप सही पाए जाने पर दोनों आरक्षकों को निलंबित कर दिया गया है।
