छत्तीसगढ़

मुंगेली दौरे के बाद CM की विभाग समीक्षा, बलौदाबाजार में कांग्रेस नेता, सांसद की विजय रैली, सराफा चुनाव चिन्ह वितरण

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुंगेली दौरे पर
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज मुंगेली जिले के दौरे पर रवाना होंगे। वह भक्त माता कर्मा मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होंगे। उनके साथ उपमुख्यमंत्री अरुण साव भी मुंगेली जाएंगे। मुख्यमंत्री 11 बजे रायपुर से मुंगेली के लिए रवाना होंगे और दोपहर 1.30 बजे वापस लौटेंगे।

विभागीय समीक्षा जारी
लोकसभा चुनाव के बाद सरकारी कामकाज को तेज और सख्त बनाने के लिए मुख्यमंत्री साय ने विभागीय समीक्षा शुरू कर दी है। वह आज स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा विभाग की समीक्षा करेंगे, जिसमें दवाओं की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर दिया जाएगा। कल वे गृह, जेल और पीएचई विभाग की समीक्षा करेंगे।

बलौदाबाजार हिंसा: कांग्रेस नेता दौरे पर
बलौदाबाजार। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विधायक आज बलौदाबाजार हिंसा के बाद घटना स्थल का निरीक्षण करेंगे। इस दौरे में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज शामिल होंगे। सभी नेता सुबह 11 बजे राजीव भवन से रवाना होंगे और स्थानीय व सतनामी समाज के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे।

सांसद बृजमोहन अग्रवाल की विजय आभार रैली
रायपुर। शिक्षा मंत्री और सांसद बृजमोहन अग्रवाल आज शाम 4 बजे मां बंजारी मंदिर रावाभाठा बिरगांव से विजय आभार रैली निकालेंगे। यह रैली विभिन्न स्थानों से होते हुए रात 8.15 बजे जयस्तंभ चौक पर समाप्त होगी। लोकसभा चुनाव में अग्रवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय को 575285 मतों से हराया था।

छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन चुनाव के लिए चिन्ह आवंटित
रायपुर। छत्तीसगढ़ सराफा एसोसिएशन चुनाव 2024 के लिए प्रत्याशियों को गुरुवार को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। यह प्रक्रिया धर्मकांटा आमंत्रण कॉम्प्लेक्स में मुख्य चुनाव अधिकारी मगेलाल मालू की देखरेख में संपन्न हुई। मतदान और मतगणना 23 जून को होगी।

सीबीएस में आरक्षित सीटों पर प्रवेश
रायपुर। पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के मूल विज्ञान केंद्र (सीबीएस) में पंचवर्षीय एकीकृत एम.एस.सी. पाठ्यक्रम में प्रथम सेमेस्टर के लिए प्रवेश जारी है। आरक्षित वर्ग की 22 सीटों पर 14 जून को प्रवेश प्रक्रिया पूरी होगी। अनारक्षित वर्ग की सभी 18 सीटों पर पहले ही प्रवेश हो चुका है।

Show More

Related Articles

Back to top button
Don`t copy text!