14 जून श्री महाकाल भस्म आरती : आभूषण और मोगरे के फूलों से भगवान महाकालेश्वर का हुआ श्रृंगार
उज्जैन// ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में ज्येष्ठ माह के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर शुक्रवार तड़के सुबह 4 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। भगवान महाकाल का सबसे पहले जल से अभिषेक किया गया। इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से अभिषेक पूजन संपन्न हुआ।
बाबा महाकाल को विशेष भस्म अर्पित की गई। भांग, चंदन, ड्राई फ्रूट और आभूषणों से भगवान महाकाल का राजसी श्रृंगार किया गया। बाबा महाकाल ने शेषनाग के रजत मुकुट, रजत की मुण्डमाला और रुद्राक्ष की माला के साथ सुगंधित पुष्पों से बनी मालाएं धारण कीं। उन्हें फलों और अवन्तिका नागरी की प्रसिद्ध मिष्ठान का भोग भी अर्पित किया गया।

शुक्रवार सुबह की भस्म आरती में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने दर्शन कर आत्मिक आनंद प्राप्त किया। श्रद्धालुओं ने नंदी महाराज का दर्शन कर उनके कान के समीप अपनी मनोकामनाएं पूर्ण होने का आशीर्वाद मांगा। इस दौरान मंदिर परिसर बाबा महाकाल की जयकारों जय जय श्री महाकाल , हर हर महादेव , हर हर शंभू , ॐ नमः शिवाय से गूंज उठा, और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
