मरी माई माता मंदिर में नवरात्रि का होगा भव्य आयोजन…
बिलासपुर/( शिखर दर्शन)// मंगलवार से संपूर्ण विश्व में चैत्र नवरात्रि का पावन पर्व की शुरुआत हो रही है शहर के रेलवे क्षेत्र न्यू लोको कॉलोनी स्थित 125 वर्ष पुरानी श्री त्रिपुर सुंदरी मरी माई माता मंदिर में चैत्र नवरात्र के पावन पर्व पर शक्ति की आराधना में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं जो की 9 अप्रैल मंगलवार से प्रारंभ होकर 17 अप्रैल बुधवार तक आयोजित किए जाएंगे ।

नवरात्र के अवसर पर देवी के दरबार में 801 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे 9 दिनों तक देवी का 9 रंगों की साड़ी से श्रृंगार कर विधि विधान के साथ पूजा अर्चना की जाएगी ।
मंदिर के पूजा प्रभारी तरुण जी महाराज ने बताया की नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिर समिति के सभी सदस्यगणों व मंदिर में उपस्थित सभी भक्तजनों के द्वारा प्रतिपदा तिथि में सुबह 11:30 बजे घट स्थापना कर मनोकामना ज्योति कलश प्रज्वलित किए जाएंगे ।
उन्होंने बताया की श्री त्रिपुर सुंदरी मरी माई माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के अवसर में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएंगे । मंदिर में वृंदावन से पधारे आचार्य श्री दीपक दुबे जी के साथ आए अन्य सहयोगी आचार्यों द्वारा 9 दिनों तक सतचंडी पाठ , ललिता सहस्रनाम एवं देवी भागवत का पारायण किया जाएगा । आठवें दिन अष्टमी के अवसर पर श्री त्रिपुर सुंदरी मरी माई मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा 108 कन्याओं की विशेष पूजा अर्चना कर कन्या भोजन कराया जाएगा । इसके पश्चात नवमी के दिन पूर्णाहुति के साथ चैत्र नवरात्रि उत्सव का विधिवत समापन होगा ।
मंदिर समिति ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन का लाभ उठाने की अपील की है ।



