जेल में बंद गैंगस्टर खा रहे थे काजू बादाम , पुलिस अधीक्षक ने रंगे हाथों पकड़ा
दुर्ग/( शिखर दर्शन )//जिले के पुलिस अधीक्षक द्वारा छापेमारी कार्यवाही में दुर्ग सेंट्रल जेल से चौकाने वाला मामला सामने आया है । यहां महादेव सट्टा एप और हत्या के आरोपी दीपक नेपाली ,तपन सरकार और ,मक्कू नेपाली जैसे अपराधियों को वीआईपी व्यवस्था मिल रही है । इसका खुलासा तब हुआ जब दुर्ग जिले के पुलिस अधीक्षक जितेंद्र शुक्ला ने अचानक अपनी पूरी टीम के साथ यहां छापा मारा ।
पुलिस अधीक्षक ने अपनी टीम के साथ मंगलवार रात केंद्रीय जेल दुर्ग का अचानक निरीक्षण किया । इस दौरान उनके साथ एएसपी अभिषेक झा और लगभग 96 पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे । जब वे जेल के भीतर में पहुंचे तो उन्हें चौंकाने वाली सच्चाई सामने दिखाई दी । जिसे देखकर पुलिस अधीक्षक ने जेल अधीक्षक को जमकर फटकार लगाई ।
एएसपी अभिषेक झा ने सुरक्षा कारणों से जेल के अंदर की फोटो एवं वीडियो देने से शिखर दर्शन को मना किया है । लेकिन उन्होंने बताया कि जेल के अंदर उन्होंने जब रेड मारी तो कई आपत्तिजनक चीजें पाई गई । गैंगस्टर तपन सरकार ,मुक्कू नेपाली ,दीपक नेपाली और उपेंद्र काबरा जिस बैरेक में थे ,वहां उन्हें वीआइपी सुविधा दी जा रही थी । सभी खूंखार आरोपियों को नई जेल परिसर में रखा गया था । जब एसपी दुर्ग वहां पहुंचे तो देखा कि सभी आरोपी मोटे गद्दे में सोए हुए थे । उनके गद्दे के नीचे से काजू , बादाम और किशमिश जैसे महंगे ड्राई फूड मिले । जब पुलिस अधीक्षक ने इसके बारे में जेल अधीक्षक से पूछताछ की तो उनके पास इसका कोई जवाब नहीं था ।
