Blog
धमतरी में आकाशीय बिजली का कहर, एक की मौत; तीन गंभीर रूप से घायल
धमतरी ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में बुधवार शाम बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से दर्दनाक हादसा हो गया। बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
फरसियां-बोड़र्रा मार्ग पर हुआ हादसा
यह घटना नगरी ब्लॉक के फरसियां-बोड़र्रा मुख्य मार्ग पर शाम करीब 6:30 से 7 बजे के बीच हुई। बताया जा रहा है कि घटना के समय क्षेत्र में तेज बारिश के साथ गरज-चमक हो रही थी। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली सड़क के पास गिर गई, जिसकी चपेट में चार लोग आ गए।
हादसे में गिरजा शंकर ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं जितेंद्र सिन्हा, पोषण ध्रुव और भूपेश ध्रुव गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में उपचार जारी
आकाशीय बिजली गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को शासकीय सिविल अस्पताल नगरी पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने गिरजा शंकर ध्रुव को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीनों घायलों का उपचार जारी है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी जुटा रहे अधिकारी
हादसे की सूचना मिलने के बाद संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौके की जानकारी जुटाने में लगे हैं। बारिश के मौसम में हुई इस दर्दनाक घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।



