Blog

बारिश की वापसी: मध्य प्रदेश में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 5 जिलों में भारी वर्षा का अलर्ट

वेस्टर्न डिस्टरबेंस और दो साइक्लोनिक सिस्टम का असर, कई संभागों में तेज बारिश की संभावना; अब तक सामान्य से 18% कम हुई वर्षा

भोपाल ( शिखर दर्शन ) //
मध्य प्रदेश में लंबे अंतराल के बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। प्रदेश में नए वेस्टर्न डिस्टरबेंस और दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से मौसम ने करवट ली है। मौसम विभाग ने आज पांच जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जबकि प्रदेश के कई अन्य जिलों में हल्की से मध्यम और कहीं-कहीं तेज बारिश होने की संभावना जताई गई है।

5 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार छतरपुर, सतना, दतिया, भिंड और पन्ना जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है। इन क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने और नदी-नालों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।

इन जिलों में भी बरसेंगे बादल

भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, उज्जैन, विदिशा, खंडवा, सागर, सीहोर, राजगढ़, छिंदवाड़ा, सिंगरौली, शहडोल, बड़वानी, अलीराजपुर, रायसेन, झाबुआ, अशोकनगर, सिवनी, मंडला, बालाघाट, धार, खरगोन, बुरहानपुर, नीमच, आगर-मालवा, शाजापुर, मंदसौर, देवास, नर्मदापुरम, रतलाम, दमोह, बैतूल, हरदा, श्योपुर, टीकमगढ़, शिवपुरी, गुना, मुरैना, कटनी, निवाड़ी, नरसिंहपुर, रीवा, अनूपपुर, उमरिया, सीधी, मैहर, मऊगंज, डिंडोरी और पांढुर्णा में भी कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश के आसार हैं।

दो मौसम प्रणालियों से बदला मौसम

मौसम विभाग के अनुसार मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से में दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन सक्रिय हैं। इसके साथ ही नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस भी प्रभावी हो गया है। इन मौसम प्रणालियों के संयुक्त असर से अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।

अब तक सामान्य से 18% कम बारिश

इस मानसून सीजन में मध्य प्रदेश में अब तक 407.2 मिमी (करीब 16 इंच) वर्षा दर्ज की गई है, जो सामान्य से लगभग 18 प्रतिशत कम है। प्रदेश की सामान्य मानसूनी वर्षा 37.3 इंच मानी जाती है। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे प्रमुख जिलों में भी अब तक औसत से कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग को उम्मीद है कि आगामी दिनों में होने वाली बारिश से वर्षा की कमी काफी हद तक पूरी हो सकती है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!