परीक्षा देकर लौट रहे एलएलबी छात्र पर ब्लेड से जानलेवा हमला

ज्वाली पुल नाला मार्ग पर दिनदहाड़े वारदात, गंभीर हालत में सिम्स में भर्ती
बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // बिलासपुर में एलएलबी के एक छात्र पर ब्लेड से जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। दिनदहाड़े हुई इस घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। गंभीर रूप से घायल छात्र को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
परीक्षा देकर लौट रहा था छात्र
जानकारी के अनुसार घायल छात्र साहिल वर्मा मूल रूप से मुंगेली जिले के ग्राम राजपुर महंत का निवासी है और वर्तमान में बिलासपुर में रहकर एलएलबी की पढ़ाई कर रहा है। बताया गया कि वह परीक्षा देकर अपने एक मित्र के साथ घर लौट रहा था।
विवाद के बाद किया हमला
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ज्वाली पुल नाला मार्ग के पास साहिल की मुलाकात मोहम्मद समीर नामक युवक से हुई। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान मोहम्मद समीर ने ब्लेड निकालकर साहिल पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चेहरे और शरीर पर आई गंभीर चोटें
हमले में साहिल के चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। घायल छात्र लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल
सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को उपचार के लिए सिम्स अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार छात्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
आरोपी के खिलाफ अपराध दर्ज
सिटी कोतवाली पुलिस ने पीड़ित छात्र की शिकायत के आधार पर आरोपी मोहम्मद समीर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 109 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी और पीड़ित एक-दूसरे के परिचित बताए जा रहे हैं।
आरोपी की तलाश जारी
पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



