बिलासपुर संभाग

मोदी सरकार के 12 वर्ष: विकास, विश्वास और जनकल्याण की ऐतिहासिक यात्रा – उपमुख्यमंत्री अरुण साव

बिलासपुर में मीडिया संवाद, केंद्र सरकार की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को बताया परिवर्तनकारी

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जिला बिलासपुर शहर द्वारा आयोजित मीडिया संवाद में उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, विश्वास और जनकल्याण की नई मिसाल कायम की है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की सोच, नीतियों और योजनाओं ने देश की दशा और दिशा दोनों बदल दी हैं तथा जनता के बीच उनके प्रति अटूट विश्वास स्थापित हुआ है।

जनकल्याणकारी योजनाओं का मिला सीधा लाभ

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ सीधे पात्र हितग्राहियों तक पहुंचा है। डीबीटी प्रणाली के माध्यम से करोड़ों लोगों के खातों में सीधे राशि भेजी गई, जिससे फर्जी लाभार्थियों पर रोक लगी और बड़ी मात्रा में सरकारी धन की बचत हुई। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, जनधन योजना, मुफ्त राशन योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने गरीब, किसान, महिला और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

मजबूत हुई देश की सुरक्षा और सीमाएं

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है। सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक जैसी कार्रवाईयों ने दुनिया को नए भारत की ताकत दिखाई है। नक्सलवाद के खिलाफ चल रहे अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की दृढ़ इच्छाशक्ति के कारण देश तेजी से नक्सलवाद मुक्त होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

गरीबों, महिलाओं और युवाओं के सशक्तिकरण पर जोर

अरुण साव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत करोड़ों परिवारों को पक्के मकान मिले हैं, जबकि उज्ज्वला योजना के माध्यम से महिलाओं को धुएं से मुक्ति मिली है। लखपति दीदी योजना, सुकन्या समृद्धि योजना और पीएम विश्वकर्मा योजना जैसी पहल महिलाओं और पारंपरिक कार्यों से जुड़े लोगों को आत्मनिर्भर बना रही हैं। वहीं मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि योजना से छोटे व्यापारियों और स्वरोजगार करने वालों को आर्थिक सहायता मिली है।

अधोसंरचना विकास में अभूतपूर्व प्रगति

उन्होंने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश में सड़क, रेल और हवाई परिवहन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों का तेजी से विस्तार हुआ है और प्रतिदिन बड़ी संख्या में सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। चिनाब ब्रिज, अटल टनल और नया पंबन ब्रिज जैसी परियोजनाएं भारत की इंजीनियरिंग क्षमता का उदाहरण हैं। रेलवे के व्यापक विद्युतीकरण, अमृत भारत स्टेशन योजना और वंदे भारत ट्रेनों ने रेल सेवाओं को आधुनिक स्वरूप दिया है।

विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में अग्रसर देश

उपमुख्यमंत्री साव ने कहा कि विकास सरकार के लिए एक सतत प्रक्रिया है और विकसित भारत का संकल्प निरंतर कार्यों के माध्यम से साकार हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, सुशासन और समावेशी विकास की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है।

मीडिया संवाद में बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सिंह, महापौर पूजा विधानी, प्रदेश मंत्री हर्षिता पाण्डेय, जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, जिला महामंत्री सोमेश तिवारी, प्रदीप कौशिक, जिला मीडिया प्रभारी केके शर्मा, मीडिया सहप्रभारी दुर्गेश पाण्डेय सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!