व्यापार

शेयर बाजार में गिरावट: सेंसेक्स 450 अंक टूटा, निफ्टी भी फिसला; ऑयल-गैस और फार्मा में बिकवाली

हफ्ते की शुरुआत कमजोर, निवेशकों की नजर RBI बैठक पर; एशियाई बाजारों में दिखी तेजी

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में गिरावट देखने को मिली। सेंसेक्स करीब 450 अंक गिरकर 73,850 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया, जबकि निफ्टी भी लगभग 100 अंक टूटकर 22,600 के आसपास पहुंच गया। बाजार में आज ऑयल और गैस तथा फार्मा सेक्टर के शेयरों में स्पष्ट रूप से बिकवाली का दबाव देखा गया।

एशियाई बाजारों की बात करें तो वहां आज सकारात्मक रुख देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का KOSPI इंडेक्स 0.83% की बढ़त के साथ कारोबार करता दिखा, वहीं जापान का Nikkei भी 1.11% चढ़ा। हालांकि हांगकांग का Hang Seng और चीन का Shanghai Composite आज बंद रहे।

अमेरिकी बाजारों में पिछले कारोबारी दिन मिला-जुला रुख रहा। Dow Jones हल्की गिरावट के साथ बंद हुआ, जबकि Nasdaq Composite और S&P 500 में मामूली बढ़त दर्ज की गई। इससे वैश्विक संकेत मिश्रित बने हुए हैं।

कच्चे तेल की कीमतों में भी उछाल देखने को मिला है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड ऑयल करीब 0.48% बढ़कर 109 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है। ईरान से जुड़े भू-राजनीतिक तनाव के बाद से तेल की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है।

निवेशकों की नजर अब भारतीय रिजर्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति (MPC) की बैठक पर टिकी हुई है, जो आज से शुरू हो गई है। 8 अप्रैल को गवर्नर द्वारा ब्याज दरों से जुड़े फैसलों की घोषणा की जाएगी। इस बार दरों में बदलाव की संभावना कम जताई जा रही है।

गौरतलब है कि पिछले कारोबारी दिन गुरुवार को सेंसेक्स में उतार-चढ़ाव के बाद हल्की बढ़त दर्ज हुई थी। वहीं निफ्टी ने भी निचले स्तर से रिकवरी दिखाते हुए बढ़त के साथ बंद किया था, लेकिन सप्ताह की शुरुआत एक बार फिर दबाव के साथ हुई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!