जग्गी हत्याकांड: हाईकोर्ट के फैसले पर BJP विधायक पुरंदर मिश्रा की प्रतिक्रिया, रामचरितमानस की चौपाई सुनाकर बोले – सब कर्मों का फल

‘जो जस करहि सो तस फल चाखा’: फैसले पर दी प्रतिक्रिया, सुप्रीम कोर्ट जाने की भी दी सलाह
रायपुर (शिखर दर्शन) // चर्चित रामअवतार जग्गी हत्याकांड में छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट के फैसले के बाद भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने प्रतिक्रिया देते हुए इसे “कर्मों का फल” बताया है।
हाईकोर्ट द्वारा अमित जोगी को दोषी ठहराते हुए तीन सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण के निर्देश दिए जाने के बाद पुरंदर मिश्रा ने रामचरितमानस की प्रसिद्ध चौपाई उद्धृत की—
“कर्म प्रधान विश्व रचि राखा, जो जस करहि सो तस फल चाखा”
और कहा कि व्यक्ति को अपने कर्मों का फल अवश्य मिलता है।
उन्होंने कहा कि अदालत ने निश्चित रूप से साक्ष्यों के आधार पर ही यह निर्णय लिया होगा। साथ ही उन्होंने यह भी जोड़ा कि यदि अमित जोगी स्वयं को निर्दोष मानते हैं, तो उन्हें सर्वोच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाना चाहिए।
पक्षकार को दी बधाई, संघर्ष को सराहा
पुरंदर मिश्रा ने इस मामले में न्याय के लिए लंबे समय से प्रयासरत पक्षकारों को बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने दिन-रात मेहनत कर न्याय की लड़ाई लड़ी है, जिसका परिणाम अब सामने आया है।
अन्य मुद्दों पर भी दिया बयान
विधायक मिश्रा ने मंत्रालय से जुड़े कथित उगाही प्रकरण पर कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यह भी सामने आना चाहिए कि यह मामला कब से चल रहा था।
वहीं प्रदेश में पेट्रोल कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर उन्होंने कहा कि पूर्व में सरकार द्वारा दी गई वैट में छूट की अवधि समाप्त होने के कारण कीमतों में करीब एक रुपए की वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री और वित्त मंत्री को पत्र लिखकर आम जनता को राहत देने का अनुरोध करेंगे।



