सीएम साय आज देंगे बड़ी सौगातें: 375 एंबुलेंस को दिखाएंगे हरी झंडी, कई अहम फैसलों पर अमलकुंवरगढ़ महोत्सव का आगाज, जल संकट पर सख्ती, जेलों में नई सुविधा और ट्रेन नियमित होने से यात्रियों को राहत

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज राजधानी रायपुर में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रमों में शामिल होकर प्रदेशवासियों को बड़ी सौगातें देंगे। सुबह 11:15 बजे दीनदयाल उपाध्याय चौक में 108 संजीवनी एक्सप्रेस के तहत 375 नई एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाएंगे, जिससे प्रदेश की आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाएं और मजबूत होंगी।
शाम 5:40 बजे धरसींवा में नए तहसील कार्यालय का उद्घाटन करेंगे, वहीं शाम 6 बजे कुंवरगढ़ महोत्सव में शामिल होकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ करेंगे। इसके बाद रात 9 बजे रायपुर लौटकर महावीर जन्मकल्याणक महोत्सव में भी सहभागिता करेंगे।
तीन दिवसीय ‘कुंवरगढ़ महोत्सव’ का आगाज आज
सांस्कृतिक विरासत को मिलेगा नया मंच, 15 से अधिक कलाकार देंगे प्रस्तुति
क्षेत्रीय विधायक अनुज शर्मा की पहल पर पहली बार कुंवरगढ़ महोत्सव का आयोजन 31 मार्च से 2 अप्रैल तक किया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इसके शुभारंभ अवसर पर मौजूद रहेंगे।
तीन दिवसीय इस महोत्सव में छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी, जहां प्रदेश के लगभग 15 सुप्रसिद्ध कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। आयोजन स्थल पर मेला और व्यापारिक गतिविधियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
रायपुर जलाभाव ग्रस्त घोषित: नए बोर खनन पर पूर्ण प्रतिबंध
भूजल स्तर गिरने से प्रशासन सख्त, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई
भीषण गर्मी और पेयजल संकट को देखते हुए जिला प्रशासन ने रायपुर को जलाभाव ग्रस्त क्षेत्र घोषित कर दिया है। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के आदेश अनुसार 1 अप्रैल से 15 जुलाई तक नए बोरवेल खनन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति बोर खनन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यह निर्णय भूजल संरक्षण और पेयजल उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लिया गया है।
जेलों में अब वीडियो-ऑडियो कॉलिंग सुविधा
बंदियों को परिजनों और वकीलों से सीधे संवाद की मिलेगी सुविधा
छत्तीसगढ़ की 33 जेलों में अब बंदियों को वीडियो और ऑडियो कॉलिंग की सुविधा मिलेगी। इस व्यवस्था के तहत बंदी अपने परिजनों और अधिवक्ताओं से सीधे संपर्क कर सकेंगे।
नई प्रणाली में एक कॉल की अधिकतम अवधि 5 मिनट निर्धारित की गई है। ऑडियो कॉल का शुल्क 1 रुपये प्रति मिनट और वीडियो कॉल का 5 रुपये प्रति मिनट रखा गया है। यह सुविधा सप्ताह में एक बार उपलब्ध कराई जाएगी।
रक्सौल-तिरुपति ट्रेन अब नियमित
छत्तीसगढ़ के यात्रियों को भी मिलेगा सीधा लाभ
रेल मंत्रालय ने रक्सौल से तिरुपति के बीच चलने वाली स्पेशल ट्रेन को नियमित करने की मंजूरी दे दी है। अब यह ट्रेन स्थायी नंबर के साथ नियमित रूप से संचालित होगी।
इस ट्रेन के नियमित होने से बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के यात्रियों को भी बड़ा लाभ मिलेगा। यात्रियों को अब बेहतर आरक्षण सुविधा और यात्रा की पूर्व योजना बनाने में आसानी होगी।



