मध्यप्रदेश

भोपाल में बड़ा हादसा: निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा गिरा, आधा दर्जन लोग घायल

AIIMS के पास 35 साल पुराने भवन पर हो रहा था निर्माण, नियमों के उल्लंघन की आशंका

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // राजधानी भोपाल में निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा सामने आया है। AIIMS अस्पताल के पास स्थित एक निर्माणाधीन बिल्डिंग का छज्जा अचानक गिर गया, जिससे करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर भीड़ जुट गई।

बताया जा रहा है कि हादसा तीसरी मंजिल पर हुआ, जहां बिल्डिंग का एक हिस्सा अचानक ढह गया। मलबे में दबे तीन लोगों को स्थानीय लोगों और रेस्क्यू टीम की मदद से बाहर निकाला गया। सभी घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

प्राथमिक जानकारी के अनुसार यह निर्माण कार्य 35 साल पुराने भवन के ऊपर किया जा रहा था। आरोप है कि निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों और नियमों का पालन नहीं किया गया, जिससे यह दुर्घटना हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि भवन का कुछ हिस्सा अवैध रूप से बनाया जा रहा था और इस पर पहले ही कार्रवाई होनी चाहिए थी।

प्रशासन अब पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की बात कह रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!