भ्रष्टाचार की ‘टंकी’ ढही: 30 फीट ऊंची पानी टंकी पहली टेस्टिंग में ही गिरी, निर्माण पर उठे सवाल

8mm सरियों से बना ढांचा नहीं झेल पाया पानी का दबाव, जांच और कार्रवाई की मांग तेज
रीवा / मऊगंज ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई 30 फीट ऊंची पानी की टंकी पहली बार पानी भरते ही ढह गई। करोड़ों की लागत से तैयार इस टंकी के गिरने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार जनपद पंचायत नईगढ़ी की ग्राम पंचायत खटखरी में बनी यह टंकी उद्घाटन से पहले ही धराशायी हो गई। बताया जा रहा है कि टंकी में लीकेज की शिकायत के बाद मरम्मत कर परीक्षण के लिए पानी भरा गया था, लेकिन पानी का दबाव सहन नहीं कर पाने के कारण पूरी संरचना अचानक भरभराकर गिर गई।
स्थानीय स्तर पर आरोप लगाए जा रहे हैं कि निर्माण में गंभीर लापरवाही बरती गई और मजबूत संरचना के बजाय बेहद पतले 8 एमएम सरियों का उपयोग किया गया। इस कारण टंकी की मजबूती कमजोर रही और वह पहली ही टेस्टिंग में ढह गई। गनीमत रही कि हादसे के समय आसपास मौजूद लोग सुरक्षित बच गए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों का कहना है कि इस परियोजना को कागजों में पूर्ण दिखा दिया गया था, जबकि जमीनी हकीकत सामने आने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। मामले को लेकर पहले भी शिकायतें की गई थीं, लेकिन समय पर कार्रवाई नहीं होने से यह स्थिति बनी।
घटना के बाद प्रशासन ने जांच के निर्देश दिए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ ठोस कार्रवाई होती है या मामला सिर्फ जांच तक सीमित रह जाता है।



