एमपी में मौसम का बदला मिजाज, कई जिलों में बारिश-ओलावृष्टि

34 जिलों में अलर्ट जारी, आज भी आंधी-तूफान और ओले गिरने की चेतावनी
भोपाल // ( शिखर दर्शन ) // मध्य प्रदेश में बीते दो दिनों से मौसम लगातार बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि का दौर जारी है। गुरुवार को 15 से ज्यादा जिलों में मौसम का असर देखने को मिला, जहां कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हुई तो कहीं ओले गिरे।
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश के बीचों-बीच सक्रिय साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ के कारण यह स्थिति बनी हुई है। इसके चलते आज 34 जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि 6 जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया गया है।
बालाघाट, मंडला, सिवनी, दतिया, टीकमगढ़ और निवाड़ी जिलों में ओले गिरने की संभावना है। वहीं ग्वालियर, भिंड, मुरैना, विदिशा, शिवपुरी, रायसेन, अशोकनगर, नर्मदापुरम समेत कई जिलों में गरज-चमक, आंधी और बारिश का अनुमान है।
पिछले दिन जबलपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, नरसिंहपुर, खंडवा, हरदा, देवास, मंडला, खरगोन और सिवनी में ओलावृष्टि दर्ज की गई। वहीं भोपाल और बुरहानपुर सहित कई जिलों में तेज बारिश और आकाशीय बिजली की गतिविधियां देखने को मिलीं, जिससे मौसम में ठंडक घुल गई।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि प्रदेश में अगले एक-दो दिन तक मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। खासकर सतना, सिंगरौली, सीधी, शहडोल, रीवा, मैहर, मऊगंज और अनूपपुर जिलों में आंधी और बारिश की संभावना जताई गई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है।



