PMO में छत्तीसगढ़ के IAS रवि मित्तल की नियुक्ति, डिप्टी सेक्रेटरी पद पर मिली अहम जिम्मेदारी

रायपुर (शिखर दर्शन) // केंद्र सरकार ने छत्तीसगढ़ कैडर के 2016 बैच के आईएएस अधिकारी रवि मित्तल को प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में डिप्टी सेक्रेटरी के पद पर नियुक्त किया है। यह नियुक्ति कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) की मंजूरी के बाद की गई है, जिसे प्रशासनिक दृष्टि से एक महत्वपूर्ण फैसला माना जा रहा है।
कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (DoPT) द्वारा जारी आदेश के अनुसार, रवि मित्तल का कार्यकाल पदभार ग्रहण करने की तिथि से चार वर्ष का होगा या फिर अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय में डिप्टी सेक्रेटरी का पद बेहद अहम होता है और इस पद पर कार्यरत अधिकारी नीतिगत मामलों के समन्वय, विभिन्न मंत्रालयों के बीच तालमेल और उच्चस्तरीय निर्णय प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
ऐसे में रवि मित्तल की यह नियुक्ति उनके प्रशासनिक अनुभव और कार्यशैली पर भरोसे को दर्शाती है। वर्तमान में वे जनसंपर्क आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे पहले वे जशपुर जिले के कलेक्टर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं, जहां उन्होंने प्रशासनिक दक्षता और प्रभावी कार्यशैली का परिचय दिया।

उनकी इस नियुक्ति से छत्तीसगढ़ प्रशासनिक महकमे में गर्व का माहौल है और इसे राज्य के लिए भी एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।



