मध्य प्रदेश में सर्दी का असर खत्म, कई जिलों में पारा 30°C के पार; 13-16 फरवरी के सिस्टम से भी नहीं लौटेगी ठंड

भोपाल ( शिखर दर्शन ) // फरवरी के मध्य में ही मध्य प्रदेश में गर्मी का असर महसूस होने लगा है। प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में दिन का तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया है। सबसे अधिक गर्मी खरगोन में रही, जहां अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री तक पहुंच गया। वहीं नर्मदापुरम, खंडवा, उज्जैन, धार, मंडला, सागर, टीकमगढ़, बेतूल, गुना, रायसेन और रतलाम सहित कई जिलों में पारा 30 से 32 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 30.4 डिग्री रहा, जबकि इंदौर में तापमान 29 से 30 डिग्री के आसपास दर्ज किया गया।
रात के तापमान में भी बढ़ोतरी, ठंड का असर घटा
प्रदेश में रात के तापमान में भी लगातार वृद्धि हो रही है। अधिकांश स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 से 13 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा खजुराहो में 8.6, मंदसौर में 9.7, कटनी के करौंदी में 10 और रीवा में 10.2 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। कई शहरों में रात के तापमान में 2 से 5 डिग्री तक बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे सुबह और शाम की ठंड अब हल्की ‘गुलाबी ठंड’ में बदलती नजर आ रही है।
मौसम विभाग का अनुमान: गर्म और शुष्क हवाओं का असर
भारत मौसम विज्ञान विभाग के भोपाल केंद्र के अनुसार उत्तर दिशा से आने वाली ठंडी हवाएं कमजोर पड़ गई हैं। इसके विपरीत राजस्थान और गुजरात की ओर से गर्म एवं शुष्क हवाएं प्रदेश में प्रवेश कर रही हैं, जिससे दिन के तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। विभाग का अनुमान है कि अगले 2 से 3 दिनों तक हल्की ठंड बनी रह सकती है, लेकिन इसके बाद न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
13 से 16 फरवरी तक मौसम रहेगा शुष्क
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 13 से 16 फरवरी के बीच पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय होने वाले पश्चिमी विक्षोभ का असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के रूप में देखने को मिलेगा। हालांकि मध्य प्रदेश में इसका प्रभाव बहुत कमजोर रहेगा। प्रदेश के पश्चिमी हिस्सों में हल्के बादल छाने की संभावना है, लेकिन बारिश या ठंड की वापसी के आसार नहीं हैं। मौसम मुख्य रूप से शुष्क और गर्म रहने का अनुमान है।



