लोकसभा में आज प्रधानमंत्री मोदी का संबोधन, शाम 5 बजे राष्ट्रपति के अभिभाषण पर देंगे जवाब

नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // संसद के बजट सत्र का आज छठा दिन है और अब तक यह सत्र लगातार हंगामे, सांसदों के निलंबन और तीखी राजनीतिक बयानबाजी की भेंट चढ़ा रहा है। बुधवार का दिन भी बेहद अहम माना जा रहा है। लोकसभा में एक ओर राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा होगी, तो दूसरी ओर विपक्षी सांसदों के निलंबन, राहुल गांधी को बोलने का अवसर न मिलने के आरोप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित संबोधन को लेकर सदन का माहौल गर्म रहने की पूरी संभावना है।
शाम 5 बजे पीएम मोदी का संबोधन संभव
सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज शाम करीब 5 बजे लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर सरकार की ओर से जवाब दे सकते हैं। माना जा रहा है कि पीएम मोदी अपने संबोधन में बजट 2026 की प्राथमिकताओं, सरकार की उपलब्धियों, विपक्ष के आरोपों और हालिया संसदीय हंगामे पर सीधा और सख्त जवाब दे सकते हैं। हालांकि, इससे पहले विपक्ष द्वारा सदन में हंगामे की आशंका भी जताई जा रही है।
पांच और कांग्रेस सांसदों के निलंबन की आशंका
आज के दिन की बड़ी राजनीतिक हलचल पांच और कांग्रेस सांसदों के संभावित निलंबन को लेकर है। बताया जा रहा है कि ये वही सांसद हैं, जो मंगलवार को निलंबित किए गए आठ विपक्षी सांसदों के समर्थन में सदन में खड़े हुए थे। यदि यह निलंबन होता है, तो बजट सत्र के दौरान सरकार और विपक्ष के बीच टकराव और तेज हो सकता है।
मंगलवार को 8 विपक्षी सांसद हुए थे निलंबित
मंगलवार को लोकसभा की कार्यवाही में बाधा डालने और अध्यक्ष की ओर कागज उछालने के आरोप में आठ विपक्षी सांसदों को बजट सत्र के शेष समय के लिए निलंबित कर दिया गया था। निलंबित सांसदों में अमरिंदर सिंह राजा वारिंग, मणिक्कम टैगोर, गुरजीत सिंह औजला, हिबी ईडन, सी. किरण कुमार रेड्डी, प्रशांत यादवराव पाडोले, एस. वेंकटेश और डीन कुरियाकोस शामिल हैं। इसी निलंबन के खिलाफ विपक्ष आज फिर सदन में विरोध दर्ज करा सकता है।
राहुल गांधी–स्पीकर विवाद से बढ़ा तनाव
लोकसभा में बीते दो दिनों से जारी हंगामे की एक बड़ी वजह राहुल गांधी और स्पीकर के बीच का विवाद भी है। राहुल गांधी का आरोप है कि पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब के अंश का उल्लेख करने के बाद उन्हें जानबूझकर सदन में बोलने से रोका गया, जो संसदीय परंपराओं का उल्लंघन है। इसी मुद्दे को लेकर राहुल गांधी ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को पत्र भी लिखा है। आज इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी बहस के आसार हैं।
कुल मिलाकर, प्रधानमंत्री के संभावित संबोधन और विपक्ष के आक्रामक रुख को देखते हुए बजट सत्र का आज का दिन भी भारी हंगामे और राजनीतिक टकराव से भरा रहने की संभावना है।



