महाराष्ट्र की पहली महिला डिप्टी सीएम बनीं सुनेत्रा पवार, शरद पवार और सुप्रिया सुले रहे अनुपस्थित

मुंबई ( शिखर दर्शन ) // महाराष्ट्र की राजनीति में शनिवार को बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला, जब एनसीपी नेता दिवंगत अजित पवार की पत्नी सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। मुंबई के लोकभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके साथ ही सुनेत्रा पवार महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री बन गईं।
शपथ ग्रहण से पहले शनिवार दोपहर एनसीपी विधायक दल की बैठक आयोजित की गई, जिसमें सर्वसम्मति से सुनेत्रा पवार को विधायक दल का नेता चुना गया। इसके बाद वह बारामती से मुंबई पहुंचीं और शपथ समारोह की औपचारिकताओं में शामिल हुईं।
शपथ लेने से पूर्व सुनेत्रा पवार ने आधिकारिक आवास देवगिरी बंगले में अपने दिवंगत पति अजित पवार को श्रद्धांजलि अर्पित की। उल्लेखनीय है कि अजित पवार, जो महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री थे, उनका 28 जनवरी को बारामती में हुए विमान हादसे में निधन हो गया था।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे मौजूद रहे। एनसीपी के कई वरिष्ठ नेता भी कार्यक्रम में शामिल हुए। हालांकि, एनसीपी प्रमुख शरद पवार और बारामती से सांसद सुप्रिया सुले समारोह में उपस्थित नहीं हो सके।
सुप्रिया सुले इन दिनों दिल्ली में हैं। उन्होंने शपथ समारोह में शामिल न होने को लेकर स्पष्ट किया कि वह संसद के बजट सत्र में भाग लेने के लिए राजधानी में मौजूद हैं। केंद्रीय बजट एक फरवरी को लोकसभा में पेश किया जाना है, जिसमें उनकी उपस्थिति अनिवार्य थी।
सुनेत्रा पवार के उपमुख्यमंत्री बनने से न केवल एनसीपी बल्कि महाराष्ट्र की राजनीति में भी नया अध्याय जुड़ गया है। पहली महिला डिप्टी सीएम के रूप में उनकी शपथ को राज्य के राजनीतिक इतिहास में एक अहम उपलब्धि के तौर पर देखा जा रहा है।



