कमिश्नरेट लागू होते ही आक्रामक हुई पुलिसिंग, खेल मैदान और सुनसान इलाकों में सख्त निगरानी

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // कमिश्नरेट प्रणाली लागू होने के बाद रायपुर शहर में पुलिसिंग का स्वरूप लगातार अधिक प्रभावी, सक्रिय और परिणामोन्मुखी होता नजर आ रहा है। इसी कड़ी में आम नागरिकों की सुरक्षा, शांति व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक स्थलों को असामाजिक गतिविधियों से मुक्त रखने के उद्देश्य से डीसीपी सेंट्रल जोन क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त की निगरानी एवं एसीपी कोतवाली डिवीजन के नेतृत्व में थाना कोतवाली और गंज क्षेत्र में यह अभियान संचालित किया गया। अभियान के दौरान खेल के मैदानों को नशा सेवन का अड्डा बनाने वाले तथा अंधेरे और सुनसान स्थानों पर अड्डेबाजी कर झगड़ा-फसाद करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त और त्वरित कार्रवाई की गई। थाना कोतवाली और थाना गंज क्षेत्र से ऐसे कुल 7 व्यक्तियों को शांति भंग होने एवं अपराध कारित किए जाने की प्रबल आशंका के आधार पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय/मजिस्ट्रेट के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
वहीं विजिबल पुलिसिंग के तहत शराब भट्ठियों, बस्तियों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी एवं गुंडा-बदमाश चेकिंग की गई। इस दौरान कुल 3 स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें थाना कोतवाली से 1 और थाना गंज से 2 वारंटी शामिल हैं।
इसके अलावा इस विशेष अभियान के अंतर्गत थाना कोतवाली, गंज, मौदहापारा और गोलबाजार क्षेत्रों के कुल 28 निगरानीशुदा एवं गुंडा बदमाशों को उनके निवास पर जाकर या थाने में तलब कर उनकी वर्तमान गतिविधियों की गहन समीक्षा की गई। सभी को भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में संलिप्त न होने को लेकर सख्त चेतावनी और हिदायत दी गई।
अभियान के दौरान चौक-चौराहों, रिहायशी कालोनियों और छात्रावासों के आसपास स्थित पान ठेलों की भी जांच की गई, जिसमें थाना गंज पुलिस द्वारा प्रतिबंधित हुक्का सामग्री बरामद की गई है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
रायपुर पुलिस द्वारा इस तरह के लक्षित और निरंतर अभियानों के माध्यम से शहर में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत किया जा रहा है, ताकि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस करे और सार्वजनिक स्थल, विशेषकर खेल मैदान एवं सुनसान क्षेत्र, पूरी तरह सुरक्षित बने रहें।



