विमान हादसे फिर बने देश के बड़े नेताओं का काल, 7 महीने में दूसरी बड़ी राजनीतिक मौत; इतिहास में अब तक 7 दिग्गजों की गई जान

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे में निधन हो गया है। यह घटना देश को झकझोर देने वाली है, क्योंकि पिछले सात महीनों में यह दूसरी बार है जब किसी बड़े राष्ट्रीय नेता की जान विमान दुर्घटना में गई है। इससे पहले जून 2025 में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की भी विमान हादसे में मृत्यु हो चुकी है।
भारत के राजनीतिक इतिहास पर नज़र डालें तो अब तक प्लेन या हेलिकॉप्टर क्रैश में कुल 7 बड़े नेताओं की मौत हो चुकी है। इनमें से तीन नेता ऐसे रहे हैं, जो हादसे के समय मुख्यमंत्री पद पर आसीन थे।
मुख्यमंत्री रहते हादसे का शिकार हुए नेता
बलवंतराय मेहता
1963 से 1965 तक गुजरात के मुख्यमंत्री रहे बलवंतराय मेहता की मृत्यु 1965 में हुई थी। भारत-पाक युद्ध के दौरान वे कच्छ के रण में निरीक्षण के लिए जा रहे थे, तभी पाकिस्तानी हमले में उनका विमान गिरा दिया गया। इस हादसे में उनकी पत्नी सहित कुल सात लोगों की जान गई।
वाई. राजशेखर रेड्डी
आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री वाईएसआर का सितंबर 2009 में हेलिकॉप्टर क्रैश में निधन हो गया। वे नल्लामाला के दुर्गम इलाके से गुजर रहे थे, तभी उनका हेलिकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
डोरजी खांडू
अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री डोरजी खांडू का 2011 में विमान हादसे में निधन हुआ। वे तवांग से इटानगर जा रहे थे, तभी उनका विमान लापता हो गया और बाद में दुर्घटनाग्रस्त मिला।
अन्य प्रमुख नेता जो विमान हादसों में मारे गए
संजय गांधी
23 जून 1980 को कांग्रेस के तत्कालीन सांसद संजय गांधी दिल्ली में विमान उड़ाते समय दुर्घटना का शिकार हो गए। करतब दिखाने के दौरान उनका विमान क्रैश हो गया था।
माधवराव सिंधिया
30 सितंबर 2001 को कांग्रेस नेता माधवराव सिंधिया कानपुर की रैली में जा रहे थे। मैनपुरी के पास उनका विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें उनकी मौत हो गई।
जी.एम.सी. बालयोगी
लोकसभा अध्यक्ष पद पर रहते हुए जी.एम.सी. बालयोगी का 2002 में आंध्र प्रदेश में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया।
विजय रुपाणी
12 जून 2025 को अहमदाबाद से उड़ान भरने के बाद एयर इंडिया का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। इस हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की मृत्यु हो गई।
अजित पवार का निधन बना ताज़ा और दुखद कड़ी
अब महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का विमान हादसे में निधन होना इस दुखद सूची में एक और नाम जोड़ गया है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने एक बार फिर वीआईपी हवाई यात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



