कांग्रेस मुख्यालय में PCC चीफ बैज ने फहराया तिरंगा, बोले- भारत का संविधान विश्व मे सबसे व्यापक और अद्वितीय है

रायपुर (शिखर दर्शन) // 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय ‘राजीव भवन’ में तिरंगा फहराया गया। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष (PCC चीफ) दीपक बैज ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की बधाई दी और भारतीय संविधान की महत्ता पर जोर देते हुए केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर तीखे हमले किए।
संविधान और लोकतंत्र पर संकट
दीपक बैज ने कहा कि 26 जनवरी का दिन समूचे भारतवासियों के लिए गौरव का प्रतीक है। इस दिन 1950 में संविधान लागू हुआ और भारत ने प्रजातांत्रिक गणराज्य के रूप में अपने नागरिकों को समानता, स्वतंत्रता और न्याय के अधिकार प्रदान किए। उन्होंने कहा कि हमारा संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है, जो नागरिकों के अधिकारों के साथ-साथ उनके कर्तव्यों को भी सुनिश्चित करता है।

बैज ने चिंता जताई कि आज हमारे संविधान पर लगातार प्रहार हो रहे हैं, संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है और जनता की आवाज दबाने की कोशिशें की जा रही हैं।
‘दो साल में ही अलोकप्रिय हुई साय सरकार’
राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए बैज ने कहा कि ‘मोदी की गारंटी’ के नाम पर सत्ता में आई भाजपा सरकार पिछले दो वर्षों में पूरी तरह अलोकप्रिय साबित हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि 2023 विधानसभा चुनाव में किए गए वादों में से एक भी पूरा नहीं हुआ।
किसानों और महिलाओं की अनदेखी
बैज ने कहा कि कांग्रेस ने 16 लाख से अधिक किसानों का कर्ज माफ किया था, लेकिन भाजपा सरकार ने किसानों को कर्ज के दलदल में धकेल दिया है, जिससे वे आत्महत्या को मजबूर हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि धान की खरीदी दर घटाकर केवल 2369 रुपये प्रति क्विंटल कर दी गई, जबकि कांग्रेस के समय यह 2870 रुपये थी।
महिलाओं के लिए चलाई गई ‘महतारी वंदन योजना’ का जिक्र करते हुए बैज ने कहा कि 1.25 करोड़ महिलाओं को लाभ देने का वादा अधूरा रह गया और केवल आधी महिलाएं ही राशि प्राप्त कर पा रही हैं।
बेरोजगारी और शिक्षा में फेल रही सरकार
बैज ने कहा कि 1 लाख युवाओं को नौकरी देने का वादा पूरा नहीं हुआ। प्रदेश में 57 हजार शिक्षकों के पद खाली हैं और 4.5 लाख अनियमित कर्मचारी नियमितीकरण का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ‘आत्मानंद स्कूलों’ को बंद करने की साजिश रच रही है और युक्तियुक्तकरण के नाम पर 10,463 स्कूल बंद कर दिए गए हैं।
मनरेगा बचाओ संग्राम
केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए बैज ने कहा कि ‘सुधार’ के नाम पर नया बिल लाकर देश की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना ‘मनरेगा’ को खत्म किया जा रहा है। इसके विरोध में कांग्रेस पूरे छत्तीसगढ़ में फरवरी महीने तक ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ चलाएगी।
बिगड़ती कानून व्यवस्था और संसाधनों की लूट
बैज ने राजधानी रायपुर समेत प्रदेश की कानून व्यवस्था को दयनीय बताया और कहा कि लूट, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं आम हो गई हैं। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हसदेव से लेकर बस्तर तक के जल, जंगल और जमीन को उद्योगपति मित्रों के हाथों सौंप रही है।
कांग्रेस का संकल्प
अंत में दीपक बैज ने संकल्प दोहराया कि कांग्रेस जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाते हुए सड़क से सदन तक जनता की लड़ाई लड़ती रहेगी और जनविरोधी सरकार को सत्ता से बेदखल करने तक संघर्ष जारी रहेगा।




