बसंत पंचमी पर भोजशाला परिसर में सुरक्षा कड़ी, दिग्विजय सिंह ने प्रशासन से ASI आदेशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की

धार (शिखर दर्शन) // पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने मध्य प्रदेश के धार जिले में विवादित भोजशाला परिसर को लेकर प्रशासन से अपील की है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) के पुराने आदेशों का पूर्ण पालन सुनिश्चित किया जाए। यह मामला इस वर्ष 23 जनवरी 2026 को शुक्रवार को पड़ रही बसंत पंचमी को लेकर सामने आया है।
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि ASI ने 2003, 2013 और 2016 में स्पष्ट आदेश दिए हैं कि जब बसंत पंचमी शुक्रवार को पड़ती है, तो सुबह सूर्योदय से दोपहर 1 बजे तक हिंदू पक्ष पूजा-अर्चना कर सकता है। इसके बाद दोपहर 1 से 3 बजे तक मुस्लिम समुदाय के लिए शुक्रवार की नमाज अदा करने का समय रखा गया है। पूजा दोपहर 3:30 बजे से सूर्यास्त तक फिर जारी रहेगी।
उन्होंने प्रशासन और सरकार से आग्रह किया है कि ASI के आदेशों का पालन हो और सांप्रदायिक उन्माद फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाए। दिग्विजय सिंह ने सभी हिंदू-मुस्लिम नागरिकों से सौहार्द बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश अमन का प्रतीक है, इसे कानूनी रूप से बनाए रखना सरकार की जिम्मेदारी है।
सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासन ने भोजशाला परिसर के बाहर पुख्ता प्रबंध किए हैं। परिसर के प्रवेश द्वार के नजदीक स्थित दरगाह और पास के कब्रिस्तान के बाहर बेरिकेडिंग कर सुरक्षा को कड़ा किया गया है। पूरे परिसर में जिग-जैग बेरिकेडिंग की गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।




