रायपुर संभाग

मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना: 330 गांवों तक पहली बार पहुंची बस सेवा, 57 मार्गों पर संचालन, 2026-27 में 200 बसों का लक्ष्य

रायपुर (शिखर दर्शन) // छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण अंचलों में आवागमन सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना 2025 का प्रभावी क्रियान्वयन शुरू कर दिया है। यह योजना उन गांवों तक सार्वजनिक परिवहन पहुंचाने की दिशा में निर्णायक पहल है, जहां अब तक यात्री बस सुविधा उपलब्ध नहीं थी।

57 नए मार्गों पर शुरू हुई बस सेवा, 330 गांवों तक पहुंची सुविधा
योजना के प्रथम चरण में बस्तर और सरगुजा संभाग के जिलों को शामिल किया गया है। अब तक कुल 57 चयनित मार्गों पर 57 बसों का संचालन प्रारंभ किया गया है। इन बसों के माध्यम से कुल 330 नए गांवों तक पहली बार यात्री बस सेवा पहुंची है, जिससे ग्रामीण जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल रहा है।

योजना का उद्देश्य और लाभ
मुख्यमंत्री ग्रामीण बस योजना का मुख्य उद्देश्य ऐसे ग्रामीण क्षेत्रों को जनपद मुख्यालय, तहसील और जिला मुख्यालय से जोड़ना है, जहां पहले सार्वजनिक परिवहन की सुविधा नहीं थी। इससे ग्रामीण नागरिकों को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और प्रशासनिक सेवाओं तक आसान पहुंच सुनिश्चित हो रही है।

बस संचालकों को वित्तीय सहायता और छूट
योजना के तहत बस संचालकों को राज्य शासन द्वारा प्रति किलोमीटर वित्तीय सहायता प्रदान की जा रही है। पहले वर्ष ₹26, दूसरे वर्ष ₹24 और तीसरे वर्ष ₹22 प्रति किलोमीटर की दर से सहायता दी जाती है। इसके अलावा, गासिक कर में तीन वर्षों तक पूरी छूट दी जा रही है, जिससे ग्रामीण मार्गों पर बस संचालन आर्थिक रूप से व्यवहार्य बन सके।

पारदर्शी मार्ग चयन और निविदा प्रक्रिया
मार्ग चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रखी गई है। जिला स्तरीय समिति की अनुशंसा के आधार पर राज्य स्तरीय समिति मार्गों का चयन करती है। बस संचालन हेतु न्यूनतम वित्तीय दर वाली निविदा प्रक्रिया अपनाई जाती है। चयनित आवेदक से परमिट आवेदन प्राप्त कर, सुनवाई के बाद बस संचालन के लिए परमिट जारी किया जाता है।

जिलावार स्थिति
वर्तमान में विभिन्न जिलों में बस संचालन इस प्रकार है:

  • सुकमा: 8 बसें
  • नारायणपुर: 4 बसें
  • जगदलपुर: 2 बसें
  • कोण्डागांव: 4 बसें
  • कांकेर: 6 बसें
  • दंतेवाड़ा: 7 बसें
  • मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर: 2 बसें
  • सूरजपुर: 6 बसें
  • कोरिया: 5 बसें
  • जशपुर: 7 बसें
  • बलरामपुर: 4 बसें
  • अंबिकापुर: 2 बसें

भविष्य की कार्ययोजना
वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना के तहत 200 बसों के संचालन का लक्ष्य रखा गया है। राज्य सरकार का यह प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी बढ़ाकर समावेशी विकास, सामाजिक सशक्तिकरण और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!