‘मैं कार्यकर्ता, नितिन नबीन हैं मेरे बॉस’ – पीएम मोदी ने नए भाजपा अध्यक्ष का किया भव्य स्वागत, कहा- एक लाख युवाओं को राजनीति में लाएंगे

नितिन नबीन बने भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष, पीएम मोदी ने किया स्वागत
नई दिल्ली (शिखर दर्शन) // भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को अपने संगठन में एक नया अध्याय शुरू किया। लंबे इंतजार के बाद 5 बार के विधायक नितिन नबीन को भाजपा का 12वां राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। भाजपा मुख्यालय में नितिन नबीन ने पदभार ग्रहण किया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें माला पहनाकर स्वागत किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने नितिन नबीन को बधाई देते हुए कहा, “आज से नितिन नबीन जी मेरे बॉस हैं, मैं उनका कार्यकर्ता हूं। अब नितिन नबीन जी सभी के अध्यक्ष हैं और उनका दायित्व केवल भाजपा को संभालना ही नहीं, बल्कि एनडीए के सभी साथियों के बीच तालमेल बनाए रखना भी है।”
लोकतांत्रिक प्रक्रिया से हुआ अध्यक्ष चुनाव
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि पिछले कई महीनों से संगठन की सबसे छोटी इकाई से लेकर राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक की पूरी प्रक्रिया शत-प्रतिशत लोकतांत्रिक तरीके से पूरी हुई। उन्होंने इसे भाजपा की लोकतांत्रिक आस्था और कार्यकर्ता-केंद्रित सोच का प्रतीक बताया।
मोदी ने कहा, “बीते एक डेढ़ साल में हमने श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती और संघ की 100वीं जयंती मनाई। हमारा नेतृत्व परंपरा से चलता है, अनुभव से समृद्ध होता है और राष्ट्र सेवा के भाव से संगठन को आगे बढ़ाता है।”
पीएम मोदी ने जताया कार्यकर्ता होने का गर्व
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा, “लोग सोचते हैं कि मैं प्रधानमंत्री हूं, लगातार तीसरी बार चुना गया। मुख्यमंत्री भी बना। लेकिन सबसे बड़ा गर्व यह है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं।” उन्होंने नितिन नबीन की युवा ऊर्जा और अनुभव की सराहना की और कहा कि नबीन मिलेनियल पीढ़ी से हैं, जिन्होंने बचपन में रेडियो सुना और आज एआई का उपयोग कर रहे हैं।
आने वाले 25 साल होंगे महत्वपूर्ण
मोदी ने कहा कि नितिन नबीन का दायित्व केवल भाजपा को संभालना नहीं है, बल्कि एनडीए के साथ तालमेल बनाए रखना भी है। उन्होंने नबीन के सरल और सहज व्यवहार की तारीफ की। प्रधानमंत्री ने कहा, “21वीं सदी का यह कालखंड भारत के विकास के लिए महत्वपूर्ण है। आने वाले 25 साल में विकसित भारत का निर्माण होना है, और नितिन नबीन भाजपा की विरासत को आगे बढ़ाएंगे।”
युवाओं को राजनीति में लाने का संकल्प
प्रधानमंत्री ने कहा, “देश के लिए परिवारवाद बड़ा अभिशाप है। कांग्रेस जैसी पार्टियों में अध्यक्षता परिवार के सदस्यों तक सीमित रहती है। मैं चाहتا हूं कि एक लाख ऐसे युवा राजनीति में आएं, जिनके परिवार पहले कभी राजनीति में नहीं आए।”



