विकास के साथ युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर खोले जाएंगे – CM विष्णुदेव साय

गुण्डरदेही में 103 विकास कार्यों का मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने किया भूमिपूजन और लोकार्पण
बालोद ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने आज बालोद जिले के नगर पंचायत मुख्यालय गुण्डरदेही में कुल 233 करोड़ रुपये की लागत से 103 विकास कार्यों का भूमिपूजन और लोकार्पण किया। इसमें ₹163.88 करोड़ के 61 कार्यों का शिलान्यास तथा ₹69.82 करोड़ के 42 कार्यों का लोकार्पण शामिल है। इसके साथ ही उन्होंने गुण्डरदेही में एक सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन के लिए ₹1 करोड़ और प्रत्येक वार्ड में विकास कार्यों के लिए ₹1 करोड़ की घोषणा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि आज जिन परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया है, वे केवल इमारतें नहीं, बल्कि नए अवसरों के द्वार हैं। उन्होंने बताया कि ₹1 करोड़ लागत से बनने वाला व्यावसायिक परिसर युवाओं को स्वरोजगार और व्यापार के नए अवसर प्रदान करेगा। वहीं सड़क, पुल और अन्य अधोसंरचना निर्माण से आवागमन सुगम होगा और आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र और राज्य सरकार हर वर्ग के समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री ने महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक संबल मिलने, तेंदूपत्ता संग्राहकों को उच्चतम समर्थन मूल्य प्रदान किए जाने, और चरण पादुका योजना के माध्यम से आदिवासी श्रमिकों को राहत पहुँचाने का भी उल्लेख किया। वनोपज के मूल्य संवर्धन से स्थानीय रोजगार सृजन को बढ़ावा मिल रहा है। रामलला दर्शन योजना से आमजन को देश की संस्कृति और विरासत से जोड़ा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रभावी पुनर्वास नीति और विकास योजनाओं के कारण नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति लौट रही है, बस्तर अंचल में विकास की नई रोशनी फैल रही है और सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा व संचार जैसी बुनियादी सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है।
आज स्वामी विवेकानंद जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय युवा दिवस मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचार आज भी युवाओं को आत्मबल, राष्ट्रसेवा और आत्मनिर्भरता की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष छत्तीसगढ़ अपनी रजत जयंती मना रहा है और रायपुर में डिजिटल आदिवासी संग्रहालय का निर्माण प्रधानमंत्री मोदी की विशेष सौगात है, जिसमें आदिवासी नायकों की गौरवगाथा सुरक्षित रखी गई है।
कार्यक्रम में सांसद भोजराज नाग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर है। उन्होंने कहा कि बस्तर, जो कभी लाल आतंक के लिए जाना जाता था, अब शांति, प्रगति और समृद्धि के मार्ग पर है, जिससे आम नागरिकों को सीधे लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री साय का स्थानीय व्यापारियों द्वारा लड्डुओं से तौलकर अभिनंदन किया गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं के तहत पात्र हितग्राहियों को सामग्री और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने जिले की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि नगर पंचायत अध्यक्ष प्रमोद जैन ने स्वागत उद्बोधन में नगर की विकास आवश्यकताओं की जानकारी दी।
इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे।




