मध्यप्रदेश

कृषक कल्याण वर्ष-2026 का राज्य स्तरीय शुभारंभ: सीएम डॉ. मोहन यादव ने किसानों को नई तकनीक और आय वृद्धि के अवसर दिए

भोपाल (शिखर दर्शन) // मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जंबूरी मैदान में कृषक कल्याण वर्ष-2026 के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों को वर्ष 2026 में संचालित होने वाली योजनाओं, गतिविधियों और भावी कार्ययोजना की विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम की शुरुआत से पहले मुख्यमंत्री ने ट्रैक्टर रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, जिसमें खुद भी ट्रैक्टर चलाकर रैली में शामिल होकर किसानों के उत्साह को बढ़ाया।

कृषि को लाभकारी और तकनीक आधारित रोजगार में बदलने का लक्ष्य
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कृषक कल्याण वर्ष-2026 का उद्देश्य पारंपरिक खेती की सीमाओं से आगे बढ़कर कृषि को लाभकारी, स्थायी और तकनीक आधारित रोजगार सृजन का मॉडल बनाना है। इस वर्ष का फोकस सेक्टर उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य-पालन और खाद्य प्रसंस्करण पर रहेगा। सरकार इन क्षेत्रों में निवेश, प्रशिक्षण और तकनीकी सहयोग के माध्यम से किसानों की आय बढ़ाने पर विशेष जोर देगी।

जिला स्तरीय क्लस्टर आधारित विकास और नई तकनीक
मुख्यमंत्री ने बताया कि सरकार जिला स्तरीय क्लस्टर आधारित विकास को बढ़ावा देगी। कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य-पालन और वानिकी को एकीकृत करते हुए प्रत्येक जिले की भौगोलिक और प्राकृतिक विशेषताओं के अनुसार विकास मॉडल तैयार किया जाएगा। उच्च उत्पादकता, प्राकृतिक खेती, डिजिटल सेवाओं और कृषि प्रसंस्करण के माध्यम से किसानों की आमदनी बढ़ाई जाएगी। इसके साथ ही एग्री-टेक, ड्रोन सेवाएं, एफपीओ प्रबंधन, खाद्य प्रसंस्करण और हाइड्रोपोनिक्स जैसे क्षेत्रों में ग्रामीण युवाओं के लिए नए रोजगार अवसर सृजित किए जाएंगे।

कृषि बजट में लगातार वृद्धि और कल्याणकारी योजनाएं
सीएम ने स्पष्ट किया कि कृषि और समृद्ध ग्रामीण क्षेत्र मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था की आधारशिला हैं। राज्य सरकार कृषि बजट में लगातार वृद्धि कर रही है और किसानों के लिए अनेक कल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इनमें समर्थन मूल्य पर उपज की खरीदी, सोयाबीन उत्पादक किसानों के लिए भावांतर योजना, प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित किसानों को राहत, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना, मुख्यमंत्री कृषि उन्नति योजना और रानी दुर्गावती श्रीअन्न प्रोत्साहन योजना प्रमुख हैं।

किसान अब बनेगा सशक्त उद्यमी
कृषक कल्याण वर्ष-2026 के माध्यम से राज्य सरकार का लक्ष्य किसानों के समग्र विकास, आय वृद्धि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देना है। जंबूरी मैदान से शुरू हो रहे इस अभियान से प्रदेश की खेती को नई पहचान मिलेगी। जहां किसान केवल उत्पादनकर्ता नहीं बल्कि तकनीक और बाजार से जुड़ा सशक्त उद्यमी बन सकेगा।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!