रायपुर संभाग

2026 DA बढ़ोतरी: मुख्यमंत्री साय ने कर्मचारियों की मेहनत और अनुशासन को बताया शासन की सफलता की कुंजी

राज्य कर्मचारी संघ के अष्टम त्रैवार्षिक अधिवेशन में मुख्यमंत्री ने सुशासन, पेंशन सुरक्षा और विकास परियोजनाओं एवं प्रशासनिक सुधारों पर दिया जोर

रायपुर ( शिखर दर्शन ) // मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के रोहिणीपुरम स्थित सरस्वती शिक्षा संस्थान परिसर में आयोजित राज्य कर्मचारी संघ, छत्तीसगढ़ के अष्टम त्रैवार्षिक अधिवेशन को संबोधित करते हुए कर्मचारियों के योगदान को सराहा और उनकी भलाई के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी शासन-प्रशासन की रीढ़ हैं और उनकी ईमानदारी, कर्मठता एवं संवेदनशीलता से ही सरकारी योजनाएं धरातल पर सफल होती हैं। उन्होंने राज्य के अधिकारियों और कर्मचारियों के हित में महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत करने की घोषणा की। यह निर्णय कर्मचारियों को बढ़ती महंगाई के बीच वास्तविक राहत प्रदान करेगा और सरकार की कर्मचारी-हितैषी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

अधिवेशन को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन संगठनात्मक विचार-विमर्श और सुशासन के संकल्प को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कर्मचारियों और सरकार के सहयोग से विकास की दिशा मजबूत करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने पिछले दो वर्षों में कर्मचारियों के हित में किए गए कई निर्णयों का उल्लेख करते हुए कहा कि स्थानांतरण नीति, पदोन्नति प्रक्रिया और कार्यस्थल संबंधी सुधार प्रशासन को अधिक पारदर्शी, सुचारु और कर्मचारी-अनुकूल बनाने में सहायक रहे हैं। साथ ही सुशासन एवं अभिसरण विभाग के गठन से जन-विश्वास आधारित शासन व्यवस्था मजबूत हुई है।

उन्होंने कहा कि पेंशन, ग्रेच्युटी और अन्य सेवानिवृत्ति लाभों का समयबद्ध भुगतान सुनिश्चित किया गया है, ताकि कर्मचारियों को किसी असुविधा का सामना न करना पड़े। छत्तीसगढ़ पेंशन फंड की स्थापना और पेंशन फंड विधेयक के पारित होने से इस दिशा में मजबूत विधायी आधार भी तैयार हुआ है।

मुख्यमंत्री ने ई-ऑफिस, ऑनलाइन सेवाओं और तकनीकी नवाचारों के माध्यम से कर्मचारियों की कार्यक्षमता बढ़ाने तथा प्रशिक्षण और क्षमता विकास कार्यक्रमों से उन्हें बदलते समय के अनुरूप तैयार करने पर भी जोर दिया।

वहां उन्होंने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक संपदा और नक्सलवाद पर सुरक्षा बलों की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बस्तर में शांति व्यवस्था स्थापित हो रही है, और ‘नियद नेल्ला नार’ योजना के माध्यम से सुदूर क्षेत्रों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। साथ ही उन्होंने ‘छत्तीसगढ़ अंजोर विजन 2047’ का भी जिक्र किया, जो प्रदेश के विकास को नई दिशा देगा।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा, राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी संघ के अखिल भारतीय अध्यक्ष गौरव कुमार सोनी, महामंत्री राजेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, राज्य कर्मचारी संघ छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष अरूण तिवारी, प्रदेश महामंत्री अश्वनी चेलक और बड़ी संख्या में कर्मचारी-अधिकारी उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!