बिलासपुर संभाग

रामसर साइट की सूची में शामिल हुआ कोपरा जलाशय, 9 जनवरी को केंद्रीय मंत्री तोखन साहू करेंगे पक्षी महोत्सव का उद्घाटन

छत्तीसगढ़ को मिला पहला रामसर साइट, कोपरा जलाशय की वैश्विक पहचान का जश्न 9 जनवरी को ‘बर्ड वॉक’ और संगोष्ठी से

बिलासपुर ( शिखर दर्शन ) // छत्तीसगढ़ के लिए यह गर्व का क्षण है। बिलासपुर जिले के तखतपुर क्षेत्र स्थित कोपरा जलाशय को भारत सरकार ने प्रदेश का पहला रामसर साइट (अंतरराष्ट्रीय महत्व का दलदली क्षेत्र) घोषित किया है। इस ऐतिहासिक उपलब्धि के उपलक्ष्य में 9 जनवरी को कोपरा जलाशय और सकरी स्थित वन चेतना केंद्र में भव्य ‘बर्ड वॉक’ और संगोष्ठी का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

सुबह 5.30 बजे से बर्ड वाचिंग

वन विभाग के अनुसार कार्यक्रम की शुरुआत तड़के होगी। सुबह 5.30 बजे नई दिल्ली से आए ‘पॉड मैन ऑफ इंडिया’ रामवीर सिंह पक्षी प्रेमियों के साथ कोपरा जलाशय के तट पर बर्ड वाचिंग कराएंगे। वे प्रवासी पक्षियों की प्रजातियों और वेटलैंड संरक्षण की बारीकियों पर जानकारी देंगे। इसके बाद सुबह 10.30 बजे वन चेतना केंद्र, सकरी में मुख्य समारोह आयोजित होगा।

उपमुख्यमंत्री करेंगे अध्यक्षता

कार्यक्रम की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव करेंगे। विशिष्ट अतिथियों में तखतपुर विधायक धर्मजीत सिंह, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, बिलासपुर विधायक अमर अग्रवाल, बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला, कोटा विधायक अटल श्रीवास्तव और मस्तूरी विधायक दिलीप लहरिया शामिल होंगे। साथ ही जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी और महापौर पूजा विधानी की उपस्थिति भी रहेगी।

छात्रों और ‘वेटलैंड मित्रों’ का सम्मान

कार्यक्रम में गुरु घासीदास विश्वविद्यालय के उन छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने पक्षियों पर आधारित निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। इसके अलावा कोपरा जलाशय के संरक्षण हेतु चयनित ‘वेटलैंड मित्रों’ को प्रचार सामग्री और किट वितरित की जाएगी, ताकि वे पर्यटकों को पक्षियों और वेटलैंड के बारे में सही जानकारी दे सकें।

मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम

  • 10.30 बजे : दीप प्रज्वलन – केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
  • 10.45 बजे : स्वागत सत्कार
  • 11.00 बजे : कार्यक्रम रूपरेखा – वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नीतू हरमुख
  • 11.15 बजे : संबोधन – रामवीर सिंह (पॉड मैन)
  • 11.30 बजे : वक्तव्य – मुख्य वन संरक्षक मनोज कुमार पाण्डेय
  • 11.45 बजे : संबोधन – विधायक धर्मजीत सिंह
  • 12.00 बजे : मुख्य संबोधन – केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू
  • 12.30 बजे : पुरस्कार व स्मृति चिह्न वितरण
  • 01.00 बजे : आभार प्रदर्शन – डीएफओ, बिलासपुर

क्यों खास है कोपरा जलाशय

वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. नीतू हरमुख के अनुसार कोपरा जलाशय का ईको-सिस्टम पक्षियों के लिए अत्यंत अनुकूल है। यहां हर वर्ष हजारों किलोमीटर दूर से देश-विदेश के प्रवासी पक्षी आते हैं। रामसर साइट का दर्जा मिलने से अब इस क्षेत्र के संरक्षण के लिए केंद्र सरकार से विशेष बजट और विशेषज्ञ सहायता मिलेगी, जिससे जैव विविधता के संरक्षण के साथ-साथ बिलासपुर पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Don`t copy text!