दिल्ली ब्लास्ट पर पूर्व IPS किरण बेदी का बड़ा बयान: कहा– “आतंकी गतिविधियां थमने वाली नहीं, नागरिकों को अब और ज्यादा सतर्क रहना होगा”

किरण बेदी ने चेताया – “गद्दारों को पहचानना पड़ेगा
नई दिल्ली ( शिखर दर्शन ) // राजधानी दिल्ली के लाल किला क्षेत्र के पास सोमवार, 10 नवंबर को हुए भीषण विस्फोट के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। इस धमाके में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए। प्रारंभिक जांच में यह आतंकी साजिश बताई जा रही है, जिसका मास्टरमाइंड डॉक्टर उमर मोहम्मद था। उमर इस विस्फोट में मारा गया। घटना के बाद दिल्ली पुलिस और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने संदिग्ध लाल कारों की तलाश तेज कर दी है, विशेष रूप से लाल फोर्ड EcoSport (DL10CK0458) की खोज जारी है।
“पड़ोसी देश की हताशा ऐसे हमलों में झलकती है” — किरण बेदी
पूर्व आईपीएस अधिकारी किरण बेदी (Kiran Bedi) ने इस घटना पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि आतंक की ये गतिविधियां अभी थमी नहीं हैं। उन्होंने कहा, “ये हमारे देश से जाने वाले नहीं हैं, क्योंकि हमारा पड़ोसी बहुत दुखी और परेशान है, वो हार चुका है। दर्द सहने के लिए वह ऐसी गतिविधियां जारी रखेगा। ये ग्रुप पैसे कमाने के लिए आतंक फैलाते हैं। हमें पड़ोसी देशों की गतिविधियों पर सतर्क नज़र रखनी होगी, क्योंकि इतना सारा विस्फोटक सामान इतनी आसानी से इकट्ठा नहीं होता। हमें इन गद्दारों को पहचानना पड़ेगा।”
“कट्टरपंथ से बचना होगा, समझदारी से करनी होगी पुलिसिंग”
किरण बेदी ने कहा कि देश को अब और अधिक सतर्क रहना होगा। “अपने फेथ को आतंक के लिए नहीं बल्कि अच्छे कर्मों के लिए लगाना होगा। जब तक यह समझ नहीं बढ़ेगी, ऐसे टेरर अटैक जारी रहेंगे। पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों की भूमिका अब पहले से कहीं ज्यादा अहम है। हमें इन्वेस्टिगेशन और प्रिवेंशन पर समान रूप से ध्यान देना होगा।”
“कम्युनिटी पुलिसिंग ही अब वक्त की मांग है”
उन्होंने कहा कि नागरिकों को भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनना होगा। “कम्युनिटी पुलिसिंग का समय आ गया है। हमें अपने पड़ोसियों पर नज़र रखनी होगी — कौन किराए पर रह रहा है, कौन गोदाम बना रहा है, और उसमें क्या रखा जा रहा है। गांव के प्रधान और RWA को यह सवाल पूछने होंगे। अगर जवाब संतोषजनक न हो, तो पुलिस को सूचना देना हर नागरिक का कर्तव्य है।”
“राज्यों और नागरिकों का संयुक्त प्रयास ही समाधान”
बेदी ने कहा कि दिल्ली पुलिस और NIA पूरी तत्परता से काम कर रही हैं, लेकिन आतंक के खिलाफ लड़ाई अकेले संभव नहीं है। “राज्यों को मिलकर काम करना होगा — यूपी, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर और राजस्थान की पुलिस को एकजुट होना होगा। वहीं नागरिकों को भी सतर्क रहना होगा। देशभक्ति अब सिर्फ भावना नहीं, जिम्मेदारी है। गद्दारों को पहचानना और उन पर नजर रखना अब हर देशवासी का कर्तव्य है।”
दिल्ली में हुए इस धमाके ने देश की सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा किया है। सुरक्षा एजेंसियां राजधानी में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं और संदिग्ध वाहनों की खोज में जुटी हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बेदी की चेतावनी सिर्फ बयान नहीं, बल्कि आने वाले खतरे का संकेत है — अब सुरक्षा सिर्फ सरकार की नहीं, हर नागरिक की जिम्मेदारी है।
